बिहार के बक्सर में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय मातम में तब्दील हो गया, जब दुल्हन को उसके प्रेमी ने कथित तौर पर गोली मार दी। आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, जो उनका पड़ोसी था। 18 साल की आरती कुमारी अपने होने वाले पति के साथ स्टेज पर थीं। दूल्हा और दुल्हन दोस्तों और परिवार वालों से घिरे हुए थे। एक लड़की, जो शायद दुल्हन की बहन थी, मंच पर दोनों की आरती कर रही थी और अपने जीजा के माथे पर टीका लगा रही थी।
फिर वह आरती की ओर बढ़ती है और उसके भी टीका लगाने चलती है। तभी मंच के सामने जमा हुए मेहमानों में से एक आदमी आरती पर गोली चला देता है। गोली आरती के पेट में, नाभि के पास लगी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई; कुछ लोग आरती को होश में रखने की कोशिश कर रहे थे, जबकि अन्य लोग चिल्लाते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर भाग गए।
आरती को तुरंत पास के सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे घटी।
स्थानीय लोगों को प्रेम प्रसंग का शक है। आरोपी दीनबंधु फरार है, जबकि पुलिस ने उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
अतिरिक्त थाना अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी को पहले भी शराब के मामले में जेल हो चुकी है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से आई बारात घटना के तुरंत बाद लौट गई।