UP Encounter: बिहार का 50,000 का इनामी बदमाश डब्लू यादव, यूपी के हापुड़ में STF के साथ मुठभेड़ में हुआ ढेर

डब्लू यादव बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल का रहने वाला था। वह हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के स्थानीय नेता राकेश कुमार के अपहरण और हत्या के संबंध में कई महीनों से फरार था

अपडेटेड Jul 28, 2025 पर 3:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस द्वारा रोके जाने पर डब्लू यादव ने पुलिस पर गोलीबारी की जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई

Dablu Yadav: बिहार का 50,000 रुपये का इनामी बदमाश डब्लू यादव सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और बिहार पुलिस के एक संयुक्त अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में ढेर हो गया। पुलिस को डब्लू यादव की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद सिम्भावली थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार, रोके जाने पर डबलू यादव ने पहले पुलिस पर गोलीबारी की जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और मुठभेड़ में वह मारा गया।

कौन था डब्लू यादव?

डब्लू यादव बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल का रहने वाला था। वह हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के स्थानीय नेता राकेश कुमार के अपहरण और हत्या के संबंध में कई महीनों से फरार था। पुलिस ने बताया कि यादव ने अप्रैल में साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र से HAM के 20-सूत्रीय प्रखंड अध्यक्ष कुमार का कथित तौर पर अपहरण किया था और बाद में उनकी हत्या कर दी थी। राकेश कुमार का शव बाद में दियारा क्षेत्र की एक नदी में मिला था।


बिहार पुलिस ने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा, 'डब्लू यादव की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह बिहार में कई जघन्य अपराधों का मुख्य संदिग्ध था।' पुलिस ने आगे कहा, 'यादव लंबे समय से फरार था। खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, हमारी टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और नोएडा STF के साथ समन्वय बनाया। हापुड़ में ऑपरेशन के दौरान आरोपी ने गोलीबारी की और जवाबी फायरिंग में मारा गया।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।