पटना। बिहार की जीविका दीदियां अब सिर्फ अचार, पापड़ और हैंडीक्राफ्ट तक सीमित नहीं हैं। अब उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में एंट्री ले ली है। दीदियों ने J Wires नाम से अपना ब्रांड लॉन्च किया है, जिसका पूरा नाम Jeevika Women Initiative Renewable Energy and Solution Private Limited है। इन सामानों की खास बात यह है कि इन्हें बाजार के मुकाबले कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। लोकल 18 के रिपोर्टर सच्चिदानंद की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना के ज्ञान भवन में चल रहे सरस मेले में जीविका की ओर से कई इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने के लिए रखे गए हैं।
पटना सरस मेले में लगा है स्टॉल
ज्ञान भवन, पटना में चल रहे सरस मेले में जीविका का स्टॉल लगा है, जहां ये सामान बिक रहे हैं।
9 वाट LED बल्ब - मात्र 25 रुपये
बाजार में यही बल्ब 60 से 80 रुपये में मिलता है। जीविका के स्टॉल इंचार्ज गुड्डू कुमार के अनुसार, सही से इस्तेमाल करने पर ये लंबे समय तक खराब नहीं होता।
इन्वर्टर बल्ब - 290 रुपये में, 4 घंटे बैकअप
बाजार में इसकी कीमत 390 रुपये है। यहां एक साल की वारंटी के साथ 290 रुपये में मिल रहा है। लाइट जाने के बाद भी 4 घंटे तक जलेगा।
2200 वाट इंडक्शन चूल्हा - 2500 रुपये में
मार्केट प्राइस 3500 रुपये है। मेले में 1000 रुपये सस्ता मिल रहा है।
इस इंडक्शन में जरूरत के हिसाब से टेम्परेचर कम-ज्यादा कर सकते हैं। इसके इस्तेमाल में रोज करीब 1.5 से 2 यूनिट बिजली की खपत होती है। इस पर रोटी सीधे सेंकी जा सकती है और जाली लगाकर लिट्टी, पापड़ और चिकन रोल जैसी चीजें भी बनाई जा सकती हैं। इसमें घर में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग तरह के बर्तन भी चल सकते हैं।
मेले के बाद कहां से खरीदें?
टेंशन नहीं, मेला खत्म होने के बाद भी ये प्रोडक्ट मिलेंगे। बिहार के हर ब्लॉक में जीविका की दुकानों पर ये सामान उपलब्ध होगा। कई जिलों में सर्विस सेंटर भी शुरू किया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट का हेडक्वार्टर डोभी में बनाया गया है।