Bihar On High Alert: बिहार में नेपाल के रास्ते घुसे जैश के 3 आतंकी, खुफिया एजेंसियों ने जारी की चेतावनी

Bihar On High Alert: खुफिया रिपोर्टों से पता चला है कि ये तीनों अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे और अगस्त के तीसरे सप्ताह के दौरान बिहार में घुस गए। पुलिस मुख्यालय ने इन तीनों के नाम, फोटो और पासपोर्ट की जानकारी सीमावर्ती जिलों में इनकी खोजबीन के लिए भेज दिया है

अपडेटेड Aug 28, 2025 पर 11:21 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों को देखते हुए, सुरक्षा एजेंसियां राज्य में आतंकी हमले की संभावना को लेकर हाई अलर्ट पर हैं

Bihar: आतंकियों के बिहार में घुसने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन संदिग्ध नेपाल के रास्ते बिहार में घुस गए है। सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में आतंकी घुसपैठ की आशंका है। बिहार पुलिस के अनुसार, उनकी पहचान रावलपिंडी के हसनैन अली, उमरकोट के आदिल हुसैन और बहावलपुर के मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है।

खुफिया रिपोर्टों से पता चला है कि ये तीनों अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे और अगस्त के तीसरे सप्ताह के दौरान बिहार में घुस गए। पुलिस मुख्यालय ने इन तीनों के नाम, फोटो और पासपोर्ट की जानकारी सीमावर्ती जिलों में इनकी खोजबीन के लिए भेज दिया है।

चुनावों के बीच आतंकी हमले की है साजिश?


आगामी बिहार विधानसभा चुनावों को देखते हुए, सुरक्षा एजेंसियां राज्य में आतंकी हमले की संभावना को लेकर हाई अलर्ट पर हैं। सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है, और सभी जिला खुफिया इकाइयों को निगरानी तेज करने, जानकारी जुटाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को डर है कि ये घुसपैठिए देश के किसी हिस्से में एक बड़ा आतंकी हमला करने की योजना बना रहे हैं।

घुसपैठ का सेंटर बन गया है नेपाल बॉर्डर

बिहार की नेपाल के साथ 729 किलोमीटर लंबी खुली सीमा इसे घुसपैठ का एक प्रमुख केंद्र बनाती है। राज्य के सात जिले सीधे इस सीमा से जुड़े हैं, जिससे 24 घंटे निगरानी रखना एक बड़ी चुनौती है। वैसे यह कोई अकेला मामला नहीं है, क्योंकि तीन महीने पहले मई में भी 18 संदिग्ध व्यक्ति बिहार में घुस आए थे। उनमें से एक व्यक्ति की पहचान एक खालिस्तानी ऑपरेटिव के रूप में हुई थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।