Lucknow Bus Accident: बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस बनी आग का गोला, 2 बच्चों सहित 5 की मौत

Bus Accident: दिल दहला देने वाला यह हादसा लखनऊ के आउटर रिंग रोड पर मोहनलालगंज के पास हुआ। घटना गुरुवार सुबह पांच बजे हुई जिस समय ज्यादातर लोग सो रहे थे

अपडेटेड May 15, 2025 पर 10:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दमकल की गाड़ियों के मौके पर पहुंचने तक बस पूरी तरह से जल गई थी

Sleeper Bus Accident: बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में लखनऊ के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बस में आग लग जाने से बस अचानक आग का गोला बन गई। घटना में दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई. आग लगने के कारणों की फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मृतकों की पहचान सीतामढ़ी के साढ़े तीन साल के देवराज, उसकी 2 साल की बहन साक्षी और समस्तीपुर की 55 वर्षीय लख्खी देवी, 27 वर्षीय विवाहिता बेटी सोनी के रूप में हुई है. वहीं एक मृतक मधुसूदन बेगूसराय का रहने वाला है।

सब सो रहे थे और अचानक भर गया धुआं

दिल दहला देने वाला यह हादसा लखनऊ के आउटर रिंग रोड पर मोहनलालगंज के पास हुआ। घटना गुरुवार सुबह पांच बजे हुई जिस समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस में अचानक धुआं भरने लगा। लोगों को कुछ समझ आता तभी आग की लपटें उठनी लगीं जिससे बस में भगदड़ मच गई. बस के ड्राइवर और कंडक्टर आग लगने के बाद बस छोड़कर भाग गए.

फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक खाक हो चुकी थी बस

लोगों ने आनन-फानन में बस में आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. हालांकि दमकल की गाड़ियों के मौके पर पहुंचने तक बस पूरी तरह से जल गई थी. करीब 30 मिनट में आग बुझाई गई. आग बुझने के बाद जब फायर ब्रिगेड के कर्मी बस के अंदर घुसे तो वहां 5 शव पड़े हुए थे. शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी गेट नहीं खुलने की वजह से लोग बस में फंसे रह गए। पुलिस ने बताया कि बस में पांच-पांच किलो के सात गैस सिलेंडर भी थे लेकिन कोई भी सिलेंडर नहीं फटा.

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।