Train Catches Fire In Bihar: बिहार के रोहतास जिले से बड़ी खबर आ रही है, जहां सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय ट्रेन सासाराम से पटना जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी। बोगी से उठती आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
राहत की बात यह रही कि ट्रेन के रवाना होने से ठीक पहले यह हादसा हुआ, जिसके चलते किसी भी यात्री के हहत होने की खबर नहीं है। आरपीएफ जवानों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर धू-धू कर जला कोच
चश्मदीदों के मुताबिक, सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन अपनी निर्धारित टाइमिंग के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी। तभी अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी बोगी आग की चपेट में आ गई।
शुरुआती जांच में रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि बोगी में लगी इस भीषण आग की वजह शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) हो सकती है। हालांकि, तकनीकी टीम हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक वह बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
आरपीएफ की मुस्तैदी से बची जान
सासाराम स्टेशन पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग लगी बोगी के आसपास मौजूद लोगों को तुरंत दूर किया। गनीमत रही कि बोगी पूरी तरह खाली थी या यात्री समय रहते नीचे उतर गए थे, जिससे किसी की जान नहीं गई। फिलहाल इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य करने और प्रभावित कोच को हटाने का काम जारी है।
24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा
भारतीय रेलवे में पिछले 24 घंटे के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इस हादसे से ठीक एक दिन पहले यानी रविवार को मध्य प्रदेश के रतलाम में एक बड़ा ट्रेन हादसा हुआ था। दिल्ली जा रही मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जब रतलाम में थी तब उसके एसी कोच (B-1) में अचानक आग लग गई थी। यह घटना विक्रमगढ़ आलोट और लुनी रिच्छा स्टेशनों के बीच हुई थी।
आग इतनी भयानक थी कि उसने बी-1 कोच के ठीक पीछे लगी सामान और गार्ड वैन (SLR) को भी अपनी चपेट में ले लिया था। रतलाम हादसे में भी समय रहते ट्रेन को रोककर बोगियों को अलग किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।