
पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के एक हफ्ते बाद बिहार के शेखपुरा गाँव में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के पूर्व नेता सुरेंद्र केवट की गोली मारकर हत्या कर दी। बता दें कि 52 वर्षीय सुरेंद्र केवट भाजपा किसान मोर्चा, पुनपुन के पूर्व अध्यक्ष थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात सुरेंद्र अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।
भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
शेखपुरा में भाजपा नेता सुरेंद्र केवट की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और सुरेंद्र को गंभीर हालत में पटना एम्स ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस अधिकारी कन्हैया सिंह और पिपरा थाने की टीम मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। पटना के एसपी (पूर्व) परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कोई खोखा नहीं मिला है और पीड़ित को एक ही गोली लगी थी। फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल
इस बीच, स्थानीय विधायक गोपाल रविदास ने एम्स में मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सज़ा दिलाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर चिंता भी जताई। बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने पटना में भाजपा नेता की हत्या पर चिंता जताते हुए कहा, "और अब पटना में एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या! आखिर हम किससे क्या कहें? क्या एनडीए सरकार में कोई अपनी गलती मानने को तैयार है?" तेजस्वी ने मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति की ओर इशारा करते हुए भाजपा के दोनों उप-मुख्यमंत्रियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया।
कुछ दिनों पहले हुई थी गोपाल खेमका की हत्या
इससे पहले, 4 जुलाई की रात करीब 11 बजे गांधी मैदान के पास व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि मौके से एक गोली और उसका खोखा बरामद हुआ है। एसपी दीक्षा ने पुष्टि की कि उन्हें गांधी मैदान के दक्षिणी क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली थी और जांच जारी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।