Makrand Narwekar: कौन हैं BMC चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार मकरंद नार्वेकर, 9 साल में 1,868% बढ़ी संपत्ति

Makrand Narwekar: मकरंद नार्वेकर 47 साल के हैं और पेशे से वकील है। वो वार्ड 226, कुलाबा से बीजेपी के टिकट पर तीसरी बार चुनाव लड़ रहे है। उनकी कुल संपत्ति ₹124.4 करोड़ है जिसमें ₹32.14 करोड़ की चल संपत्ति और ₹92.32 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है

अपडेटेड Jan 11, 2026 पर 11:42 AM
Story continues below Advertisement
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के छोटे भाई मकरंद ने अपनी संपत्ति ₹124.4 करोड़ घोषित की है

BMC Polls: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान उम्मीदवार अपनी संपत्ति का ब्योरा निर्वाचन आयोग को सौंपते है। डेटा के मुताबिक, मकरंद नार्वेकर मुंबई के सबसे अमीर उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के छोटे भाई मकरंद ने अपनी संपत्ति ₹124.4 करोड़ घोषित की है। पिछले 9 वर्षों में उनकी संपत्ति में हुआ 1,868% का इजाफा चर्चा का विषय बना हुआ है।

दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ी संपत्ति

मकरंद नार्वेकर 47 साल के हैं और पेशे से वकील है। वो वार्ड 226, कुलाबा से बीजेपी के टिकट पर तीसरी बार चुनाव लड़ रहे है। उनकी कुल संपत्ति ₹124.4 करोड़ है जिसमें ₹32.14 करोड़ की चल संपत्ति और ₹92.32 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। साल 2012 में उनकी संपत्ति ₹3.67 करोड़ थी जो 2017 में ₹6.3 करोड़ और 2026 में ₹124.4 करोड़ हो गई। इसके साथ ही उन पर विभिन्न बैंकों और व्यक्तियों से लिया गया ₹16.68 करोड़ का कर्ज भी है। नार्वेकर के हलफनामे में लग्जरी गाड़ियों और जमीनों का बड़ा पोर्टफोलियो शामिल है:


गाड़ियां: दो टोयोटा फॉर्च्यूनर सिग्मा और एक मारुति ग्रैंड विटारा।

रियल एस्टेट: दक्षिण मुंबई के कुलाबा में ₹7.99 करोड़ का फ्लैट।

जमीन: रायगढ़ जिले के अलीबाग में 29 कृषि भूमि पार्सल जिनमें से 27 उनके नाम पर हैं। इन जमीनों की वर्तमान कीमत लगभग ₹89.91 करोड़ आंकी गई है।

इनकम: वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक की कुल आय ₹2.77 करोड़ दर्ज की गई है।

यानी करीब 9 साल में उनकी संपत्ति में 1,868% का इजाफा हुआ है जिसकी खूब चर्चा हो रही है। वहीं अपनी संपत्ति में भारी उछाल पर मकरंद नार्वेकर का कहना है कि अटल सेतु (MTHL) और अलीबाग रो-रो फेरी जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के कारण उनकी जमीनों की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।

विपक्ष उठा रहा सवाल

नार्वेकर परिवार की इस चुनावी दौड़ पर विपक्ष ने कई सवाल उठाए है। वार्ड 226 से उनके खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं तेजल पवार ने आरोप लगाया है कि उन पर और उनके पति पर नामांकन वापस लेने के लिए दबाव डाला जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर भी नामांकन प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के आरोप लगे हैं, जिसे उन्होंने राजनीति से प्रेरित बताकर खारिज कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।