Pune Bridge Collapses: पुणे में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां देहू के कुंडमाला इलाके में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया। पुल के ढहने से कई लोग नदी की तेज धारा में बह गए। यह दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पुल पर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे, जो नदी में बह गए। यह घटना तलेगांव दाभाड़े के पास हुई, जहां छुट्टी होने की वजह से कई लोग घूमने आए थे। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है।
वहीं इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने कहा, 'अभी 4 शव बरामद किए हैं। बचाव अभियान में 250 लोग काम कर रहे हैं। उनका रिस्पांस टाइम काफी अच्छा था, जिसकी वजह से ज्यादा से ज्यादा लोगों को तुरंत बचाया जा सका... हम तब तक ऑपरेशन जारी रखेंगे जब तक हम पूरे इलाके को कवर नहीं कर लेते।'
हादसे के बाद सरकार ने किया ये बड़ा ऐलान
पुल ढहने की घटना में राज्य सरकार ने मुआवजे का एलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य सरकार पुणे जिले के तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके अलावा, राज्य सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी उठाएगी।
बता दें कि देहू, संत तुकाराम से जुड़ा एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, जहां रविवार को भक्तों और पर्यटकों की भारी भीड़ थी। यह पुल नदी के दोनों किनारों को जोड़ता था और अचानक ढह गया। एक चश्मदीद ने बताया, "पुल बिना किसी चेतावनी के टूट गया। लोगों के पास बचने का मौका ही नहीं मिला। कई लोग नदी में गिर गए और तेज बहाव में बह गए।"
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, गांव के लोग और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और बचाव काम शुरू कर दिया गया। लगातार बारिश की वजह से इंद्रायणी नदी का पानी काफी बढ़ गया है, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारी डूबे हुए लोगों को खोजने और सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस पर जमा हुए थे काफी लोग
सामने आई जानकारी के मुताबिक रविवार होने की वजह से, इंद्रायणी नदी के बढ़ते प्रवाह को देखने के लिए लगभग 100 से 120 लोग मौके पर जमा हुए थे। कुछ लोग तो अपने दोपहिया वाहन लेकर पुल पर चढ़ गए, जिससे पुल का भार और बढ़ गया। ऐसे कहा जा रहा है कि पुराना पुल होने की वजब से वह अत्यधिक भार नहीं सह पाया और पुल ढह गया।
वहीं इस घटना पर ज्यादा जानकारी देते हुए पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने बताया कि, कुंदमाला गांव के पास इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया। इस हादसे में 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 5 से 6 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है और बाकी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।