चंद्रशेखर आजाद बने यूपी के CM कैंडिडेट! ओवैसी ने ASP के साथ बनाया 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा', अखिलेश और कांग्रेस के लिए ये ऑफर
UP Elections 2027: असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की गुरुवार को घोषणा की। ओवैसी ने इस मौके पर घोषणा की है कि चंद्रशेखर आजाद मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे
UP Elections 2027: 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम ASP और AIMIM के बीच बने गठबंधन का होगा
UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान हो गया है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। गुरुवार को लखनऊ में दोनों नेताओं की मौजूदगी में इस गठबंधन की घोषणा की गई। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा वंचित, शोषित और पिछड़े तबकों को एक राजनीतिक मंच देने की कोशिश करेगा। वहीं ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया।
इस गठबंधन के ऐलान के साथ ही चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए भी अपने दरवाजे खुले रखे हैं। उन्होंने तंस कसते हुए कहा कि उनका दिल छोटा नहीं है। अगर सपा और कांग्रेस बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए इस गठबंधन के साथ आना चाहें तो उनका स्वागत है। आजाद ने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2022 में हुए गठबंधन बीजेपी को नहीं हरा पाए, इसलिए उन्होंने एक नया प्रयास किया है।
ओवैसी बोले- चंद्रशेखर आजाद होंगे हमारे मुख्यमंत्री उम्मीदवार
लखनऊ में गठबंधन की घोषणा के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया। इस घोषणा के साथ चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में गठबंधन चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है। हालांकि दोनों दलों ने अभी सीटों के बंटवारे, कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और उम्मीदवारों के चयन जैसे चुनावी समीकरणों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है।
क्या है सामाजिक परिवर्तन मोर्चा, फिलहाल दो पार्टियां शामिल
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के नाम और उसमें शामिल दलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज उनके सामने जो तस्वीर है उसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। आजाद के मुताबिक फिलहाल इस मोर्चे में प्रमुख रूप से दो राजनीतिक दल शामिल हैं। पहला उनकी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और दूसरा असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM। इस मौके पर दोनों दलों के वरिष्ठ नेता और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
'यह तीसरा मोर्चा नहीं, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है'
चंद्रशेखर आजाद ने अपने गठबंधन को तीसरा मोर्चा कहे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लोग इसे तीसरा मोर्चा कह रहे हैं लेकिन यह तीसरा मोर्चा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। आजाद ने कहा कि लोग इसे तीसरा मोर्चा कह रहे हैं। लेकिन यह तीसरा मोर्चा नहीं है। यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। अगर आप इसकी गहराई को समझेंगे तो महसूस करेंगे कि यह पहला मोर्चा है। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन वंचित, शोषित और हाशिये पर रहने वाले समुदायों को एकजुट करने के लिए बनाया गया है। उनका कहना था कि इन वर्गों को अपनी चुनावी ताकत का इस्तेमाल राजनीतिक सत्ता हासिल करने और अपनी समस्याओं का समाधान कराने के लिए करना चाहिए।
अखिलेश और कांग्रेस को भी दिया साथ आने का ऑफर
नया गठबंधन बनाने के बावजूद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए भी राजनीतिक संभावनाएं खुली रखी हैं। उन्होंने कहा कि उनका दिल छोटा नहीं है और वे बीजेपी को रोकने के लिए दूसरी पार्टियों को भी साथ लेने के लिए तैयार हैं। आजाद ने कहा कि 'हमारा दिल छोटा नहीं है। 2014, 2017, 2019, 2022 के अलायंस बीजेपी को नहीं हरा पाए, हमने नया प्रयास किया है। अहंकार में डूबे लोग किसी की वकत नहीं समझते। मैं फिर भी ऑफर दूंगा कि अगर सपा और कांग्रेस इस अलायंस में शामिल होकर बीजेपी को रोकना चाहें तो हम उन्हें साथ लेकर लड़ेंगे।'
बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों का दिया हवाला
चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन के उद्देश्य को समझाते हुए बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक सत्ता लोगों की समस्याओं को हल करने की मास्टर चाबी है। आजाद के मुताबिक जिन समुदायों का अपना राजनीतिक संगठन नहीं होता वे अपनी संख्या कितनी भी बड़ी होने के बावजूद अपने हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा नहीं कर पाते।उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने भी इस जरूरत को समझते हुए राजनीतिक संगठन बनाए थे। आजाद ने इसके उदाहरण के तौर पर शेड्यूल्ड कास्ट्स फेडरेशन, इंडियन लेबर पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का उल्लेख किया।
उन्होंने तर्क दिया कि आंबेडकर ने इन संगठनों के जरिए वंचित समुदायों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की कोशिश की थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि मौजूदा राजनीतिक दल इन समुदायों के हितों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे।
VIDEO | Lucknow, Uttar Pradesh: Addressing a press conference, Azad Samaj Party (Kanshi Ram) President Chandrashekhar Azad says, "As you can see, the alliance is called the 'Samajik Parivartan Morcha' , comprising two major parties at present — the Azad Samaj Party (Kanshi Ram) and the All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM). Since yesterday, there has been much talk about a 'third front', but let me clarify that this is not the third front; it is the 'Samajik Parivartan Morcha'. Believe me, if you understand its significance, you will realise that it is actually the first front. It will grow stronger as more people from weaker, marginalised, oppressed and deprived sections of society join it."
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd) — Press Trust of India (@PTI_News) November 12, 2026
सरकारों पर वंचित समुदायों से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप
चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि अब तक की सरकारें वंचित समुदायों को मुख्यधारा में लाने, गरीबी दूर करने और उनके खिलाफ होने वाले अत्याचारों को रोकने के वादे पूरे करने में नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ऐसे समुदायों को एक मंच पर लाने की कोशिश करेगा, जिनकी समस्याओं और हितों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। गठबंधन का उद्देश्य इन वर्गों को संगठित करके उनकी राजनीतिक भागीदारी और सत्ता में हिस्सेदारी बढ़ाना है। आजाद ने कहा कि राजनीतिक संगठन के बिना इन समुदायों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव नहीं है। इसी सोच के आधार पर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है।
2027 के यूपी चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण की कोशिश
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य की राजनीति में पहले से बीजेपी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत कई दल सक्रिय हैं। ऐसे में AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन एक नए राजनीतिक मंच के रूप में सामने आया है। दोनों पार्टियों के इस गठबंधन में एक तरफ AIMIM है जो मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है, जबकि दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी है, जो दलितों और वंचित समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की बात करती है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के जरिए इन वर्गों को एक साझा मंच पर लाने का दावा किया है।