अगर आप भी जा रहे हैं चारधाम तो ठहरिए! उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते यात्रा पर लगी रोक

उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण हालात बिगड़ गए हैं। खराब मौसम के चलते लगातार दूसरे दिन चार धाम यात्रा रोक दी गई है। कई जगह भूस्खलन और घर गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अपडेटेड Sep 28, 2026 पर 8:56 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उत्तराखंड में तेज बारिश के चलते लगातार दूसरे दिन चार धाम यात्रा रोकी गई, कई इलाकों में हालात बिगड़े।

देहरादून, 28 सितंबर (PTI): उत्तराखंड में लगातार हो रही तेज बारिश और बर्फबारी से कई इलाकों में परेशानी बढ़ गई है। खराब मौसम के कारण रविवार को लगातार दूसरे दिन चार धाम यात्रा रोक दी गई है। बारिश और भूस्खलन के कारण एक बच्चे और दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बहुत तेज बारिश हो सकती है। देहरादून और आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भरी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बाकी 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9 डिग्री कम है। शनिवार से ही पूरे राज्य में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है।


केदारनाथ जाने वाले रास्ते पर चिरबासा के पास भूस्खलन हुआ। मलबे की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। पौड़ी जिले के थलीसैंण में भी बारिश के कारण एक घर गिर गया। मलबे में दबने से बलवीर सिंह की मौत हो गई।

अधिकारियों ने इस तरह की रेस्क्यू की कोशिश

नैनीताल में मिट्टी से बने दो घर भी गिर गए। पिथौरागढ़ में मुन्ना बैंड के पास पहाड़ से मलबा आने के कारण रास्ता बंद हो गया। यहां करीब 500 यात्रियों को रस्सियों की मदद से रास्ता पार कराया गया। भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में करीब 136 पर्वतारोही भी फंस गए हैं। इनमें कई विदेशी लोग भी हैं। अधिकारी उन्हें हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहे है।

सीएम धामी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं और लोगों और टूरिस्ट से बिना जरूरत यात्रा न करने और बाहर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति चेक करने के लिए अनुरोध किया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।