वीकेंड पर शेफ बने चेन्नई के 5 IT कर्मचारी! वृद्धाश्रमों और बच्चों के केंद्रों में बांट रहे हैं प्यार और भोजन

चेन्नई के 5 IT कर्मचारी हर महीने दो शनिवार वृद्धाश्रमों और बच्चों के केंद्रों में जाकर लोगों को खाना खिलाते हैं। शुरुआत में वे महीने में एक बार ऐसा करते थे, लेकिन अब महीने में कम से कम दो बार यह काम करते हैं।

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 12:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

चेन्नई के कॉग्निजेंट (Cognizant) के पांच कर्मचारी काम की व्यस्तता के बीच समाज सेवा के लिए भी समय निकालते हैं। ये साथी हर महीने अपने कुछ शनिवार वृद्धाश्रमों और बच्चों के देखभाल केंद्रों (old-age homes and child care centers) में जाकर लोगों को खाना खिलाते हैं। उनके इस काम का मकसद जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना है।

इस पहल की शुरुआत साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान हुई थी। तब से अब तक टीम 88 बार खाना बांटने के कार्यक्रम कर चुकी है। खास बात यह है कि करीब 200 लोग भी इस काम में आर्थिक मदद कर चुके हैं। टीम की कोशिश है कि शहर से दूर रहने वाली ऐसी संस्थाओं तक भी मदद पहुंचाई जाए, जिन्हें अक्सर ज्यादा सहयोग नहीं मिल पाता।

यह है पांच कर्मचारी


इस टीम का नाम 'आउटरीच मिनिस्ट्री लीडरशिप एंड ऑपरेशंस टीम' (Outreach Ministry Leadership and Operations Team) है। इसमें सेंथिलनाथन एल., पी. येसुराजा, सतीश राजा, संतोष और संजीव नंदा शामिल हैं। ये सभी चेन्नई के कॉग्निजेंट के शोलिंगनल्लूर और MEPZ कैंपस में काम करते हैं।

'द इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी आपसी दोस्तों के जरिए एक-दूसरे से जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने उन संस्थाओं की मदद करने का फैसला किया, जहां अक्सर कम मदद पहुंच पाती है। टीम मरक्कानम, रेड हिल्स और अलामाथी जैसे इलाकों में जाकर वृद्धाश्रमों और बच्चों के केंद्रों में खाना बांट चुकी है।

खाने की तैयारी से परोसने तक खुद संभालते हैं जिम्मेदारी

ये पांचों साथी सिर्फ खाना देने नहीं जाते, बल्कि उसकी पूरी तैयारी भी खुद करते हैं। वे खाने का मेन्यू तय करते हैं, सामान खरीदते हैं और खाना बनवाने के साथ लोगों को परोसते भी हैं। इसमें तिरुवल्लुर के शेफ कलंदर उनकी मदद करते हैं। खाने में बच्चों और बुजुर्गों की पसंद का ध्यान रखा जाता है। कई बार मेन्यू में नॉनवेज खाना भी शामिल होता है। टीम के सदस्य येसुराजा हर कार्यक्रम के लिए सामान खरीदते हैं। वे शुक्रवार को चेन्नई के पैरीज मार्केट जाकर जरूरी सामान लाते हैं।

किसी भी जगह जाने से पहले टीम वहां के बारे में पूरी जानकारी लेती है। वे उन्हीं संस्थाओं में जाते हैं, जहां उन्हें खुद खाना बनाने और परोसने की अनुमति मिलती है।

दूसरी जरूरतों का भी रखते हैं ख्याल

टीम सिर्फ खाना ही नहीं, बल्कि वहां रहने वाले लोगों की दूसरी जरूरतों का भी ख्याल रखती है। वे उन्हें बेडशीट जैसी जरूरी चीजें भी देते हैं। येसुराजा इसके लिए इरोड तक गए थे। वहीं, संजीव नंदा लोगों से आर्थिक मदद जुटाते हैं।

अब टीम 21 नवंबर को रेड हिल्स के एक आश्रय गृह में फिर से खाना खिलाने का कार्यक्रम करेगी। इस बार बच्चों के लिए चिकन बिरयानी और मिठाई बनाई जाएगी। संजीव का कहना है कि हर बार लोगों की मदद करके टीम को बहुत खुशी मिलती है। यही खुशी उन्हें आगे भी यह काम करते रहने की हिम्मत देती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।