Chhath Puja 2026: दिल्ली में मुनक नहर के किनारे बन रहा 11 KM लंबा सबसे बड़ा छठ घाट! जानिए कब से होगा शुरू

Chhath Puja 2026: आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनने वाला यह घाट दिल्ली का सबसे लंबा छठ घाट होगा। इससे छठ पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। खबर के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को सिंघलपुर गांव में इस छठ घाट का उद्घाटन करेंगे

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 11:47 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Chhath Puja 2026: मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट विकसित किया जा रहा है

Chhath Puja 2026: दिल्ली की बीजेपी सरकार छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठा रही है। राजधानी में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट विकसित किया जा रहा है। आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनने वाला यह घाट दिल्ली का सबसे लंबा छठ घाट होगा। इससे छठ पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। खबरों के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को सिंघलपुर गांव में इस छठ घाट का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू होने से एक दिन पहले आयोजित किया जाना प्रस्तावित था।

1,400 से अधिक छठ घाटों की व्यवस्था

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि उनकी सरकार राजधानी में 1,400 से अधिक छठ घाटों की व्यवस्था कर रही है। जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1,326 थी। सरकार का विशेष जोर घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने पर है। गुप्ता ने सोमवार को छठ पूजा समितियों और सरकारी अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और श्रद्धालुओं की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर सकें।

दोनों तरफ बनेंगी सीढ़ियां, कंक्रीट की सड़क भी होगी

इस 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां नहर के दोनों किनारों पर सीढ़ियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाजनक आवाजाही के लिए कंक्रीट की सड़क भी तैयार की जाएगी। इस व्यवस्था से आसपास के इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में आसानी होगी। बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ पहुंचने पर भी भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।

अंतिम चरण में हैं तैयारियां

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर बुनियादी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। घाटों पर पानी भरने, टेंट लगाने और अंतिम चरण की साफ-सफाई का काम शेष रहने की बात कही गई है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण करने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली सरकार का कहना है कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सरकार की प्राथमिकता है कि राजधानी में छठ पूजा का आयोजन सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से समाप्त हो।

आपको बता दें कि इस साल पवित्र महापर्व छठ पूजा 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाई जाएगी। छठ महापर्व का मुख्य संध्या अर्घ्य 15 नवंबर, रविवार को दिया जाएगा। 15 नवंबर को शाम और 16 नवंबर को सुबह सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न होगा। दिल्ली में 15 नवंबर को सूर्यास्त लगभग शाम 5:28 बजे और 16 नवंबर को सूर्योदय लगभग सुबह 6:44 बजे होगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।