Delhi Metro Viral Video:दिल्ली मेट्रो में फिल्मी चेस! CISF जवान ने दौड़ाकर जिसे दबोचा उसके पास से क्या मिला?

दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक शख्स भागने लगा, जिसे CISF जवान ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके बैग में रखे कपड़ों के अंदर सिलकर छिपाया गया करीब 155 ग्राम सोने जैसा पेस्ट मिला है। पूछताछ में आरोपी ने खुद को मलेशिया का निवासी बताया। पुलिस ने दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपडेटेड Oct 20, 2026 पर 8:08 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर बैग लेकर भागता शख्स, जिसे CISF जवान ने पकड़ लिया।

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के जामा मस्जिद स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक शख्स बैग लेकर भागने लगा। CISF के एक जवान ने उसका पीछा किया और गेट नंबर 1 के पास उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, शख्स के बैग से 155 ग्राम संदिग्ध सोने का पेस्ट मिला है। मामले में शख्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

News 18 के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोहम्मद शोएब आलम के रूप में हुई है। रविवार को वह जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर अपना बैग X-ray मशीन में डालकर जांच कराने के बाद लेकर निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान वह अचानक भागने लगा।


CISF की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए CCTV वीडियो में शख्स महिलाओं की तलाशी वाली जगह से भागता दिख रहा है। एक जवान उसे देखकर उसके पीछे दौड़ता है। आरोपी एस्केलेटर से ऊपर जाता है, जबकि जवान सीढ़ियों से तेजी से चढ़ता है। इसके बाद दूसरा जवान भी पीछा करने में जुट जाता है। आखिरकार आरोपी को गेट नंबर 1 के पास पकड़ लिया जाता है।

बैग में कपड़ों के अंदर छिपाकर रखा था सोने का पेस्ट

CISF के मुताबिक, आरोपी ने अपने बैग में रखे एक अंडरगारमेंट में सिलाई करके पेस्ट जैसा पदार्थ छिपा रखा था। शुरुआती जांच में इसे सोने का पेस्ट होने का शक जताया गया है। पुलिस के अनुसार, इसका वजन करीब 155 ग्राम बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस का एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचा। इसके बाद आरोपी और संदिग्ध पदार्थ को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुद को बताया मलेशिया का निवासी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आलम ने दावा किया कि वह मलेशिया में रहता है और वहां कपड़ों के कारोबार में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि वह 16 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचा था और जामा मस्जिद इलाके के एक होटल में ठहरा हुआ था। हालांकि, वह संदिग्ध पदार्थ से जुड़े कोई कागजात नहीं दिखा पाया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने पास यह पदार्थ रखने की सही वजह भी नहीं बता पाया।

जांच में सामने आईं ये सारी बातें

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध पदार्थ की जांच नारकोटिक्स विभाग से कराई गई थी। जांच में यह नशीला पदार्थ नहीं पाया गया। लेकिन कागजात न मिलने और रखने की वजह साफ न बता पाने के कारण आरोपी के खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। CISF ने इस घटना का 27 सेकंड का CCTV वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें सुरक्षा जांच के दौरान आरोपी के भागने और जवानों द्वारा उसे पकड़ने की पूरी घटना दिखाई देती है।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।