Get App

कांग्रेस के चंदे में 75% की गिरावट, 10 साल में सबसे बड़ी कमी, जानिए किस ट्रस्ट से कितना मिला पैसा

Congress News: कांग्रेस को 2025-26 में 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित चंदे के रूप में 130.69 करोड़ रुपये मिले, जो पिछले साल से करीब 75% कम हैं। जानिए प्रूडेंट ट्रस्ट और अन्य दानदाताओं ने कितना पैसा दिया।

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Nov 08, 2026 पर 6:00 PM
कांग्रेस के चंदे में 75% की गिरावट, 10 साल में सबसे बड़ी कमी, जानिए किस ट्रस्ट से कितना मिला पैसा
Congress News: मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को पिछले साल से करीब 75% कम चंदा मिला है

कांग्रेस पार्टी को मिलने वाले बड़े चंदे में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारी गिरावट दर्ज की गई है। चुनाव आयोग के पास पार्टी की ओर से जमा कराई गई जानकारी के विश्लेषण के मुताबिक कांग्रेस को 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित चंदे के रूप में इस वित्त वर्ष में 130.69 करोड़ रुपये मिले। यह रकम पिछले वित्त वर्ष यानी 2024-25 में मिले 517.39 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 75 फीसदी कम है। पिछले एक दशक में इस तरह के चंदे में यह सबसे बड़ी सालाना गिरावट है।

कांग्रेस के चंदे में आई इस कमी के पीछे सबसे बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाले योगदान में भारी गिरावट रही। इस ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपये दिए थे लेकिन 2025-26 में इसका योगदान घटकर सिर्फ 25 करोड़ रुपये रह गया। यानी एक साल में ट्रस्ट से मिलने वाले चंदे में करीब 88 फीसदी की कमी आई। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस की ताजा योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट के अलावा किसी दूसरे इलेक्टोरल ट्रस्ट का नाम दर्ज नहीं है। पार्टी को कुछ कंपनियों और व्यक्तिगत दानदाताओं से भी बड़ी रकम मिली है। इनमें स्टार सीमेंट, सज्जन भजंका और प्रेम कुमार भजंका शामिल हैं।

कांग्रेस को किस साल कितना चंदा मिला?

चुनाव आयोग को जमा कराई गई कांग्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में पार्टी को 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित योगदान के रूप में 130.69 करोड़ रुपये मिले। इससे पहले के दो वित्त वर्षों में पार्टी के चंदे में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। वित्त वर्ष 2023-24 में कांग्रेस को इस श्रेणी में 281.48 करोड़ रुपये मिले थे। इसके बाद 2024-25 में यह रकम बढ़कर 517.39 करोड़ रुपये पहुंच गई। 2024-25 में लोकसभा चुनाव भी हुए थे। हालांकि इसके अगले ही वित्त वर्ष में पार्टी के घोषित चंदे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 130.69 करोड़ रुपये रह गया। इस तरह दो साल तक चंदे में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस को मिलने वाले घोषित योगदान में अचानक बड़ी कमी आई है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें