लैपटॉप लेकर दिनभर कैफे में बैठने वाले कस्टमर्स से परेशान कैफे मालिक, बिजनेस पर पड़ रहा असर!

बेंगलुरु के एक कैफे मालिक की मुश्किल बढ़ गई है। कस्टमर सिर्फ 150 रुपये की कॉफी लेकर घंटों तक लैपटॉप पर काम करते रहते हैं। इससे नए लोगों को बैठने के लिए जगह नहीं मिलती। अब कैफे मालिक सोच रहे हैं कि कैफे में घंटों बैठकर काम करने वाले लोगों को कैसे संभालें।

अपडेटेड Nov 05, 2026 पर 1:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

आजकल कई लोग घर या ऑफिस के बजाय कैफे में बैठकर काम करना पसंद करते हैं। लेकिन बेंगलुरु के एक कैफे मालिक के लिए यह परेशानी बन गया है। कुछ लोग सिर्फ एक कॉफी लेते हैं और घंटों लैपटॉप पर काम करते रहते हैं। इस मामले पर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

बेंगलुरु के एक फाउंडर विक्रमादित्य शुक्ला ने X पर अपने दोस्त के कैफे से जुड़ी परेशानी बताई। उनके दोस्त ने इंदिरा नगर में 60-70 लाख रुपये लगाकर कैफे खोला है। लेकिन कुछ लोग सिर्फ 150 रुपये की कॉफी लेते हैं और लैपटॉप खोलकर घंटों बैठे रहते हैं। इससे दूसरे लोगों को बैठने की जगह नहीं मिलती और वे वापस चले जाते हैं। कैफे मालिक ऐसे लोगों को जाने के लिए भी नहीं कह सकता, क्योंकि इससे उन्हें बुरा लग सकता है और वे खराब रिव्यू दे सकते हैं।

इस वजह से मिलती है कैफे में महंगी कॉफी


इस एक्सपीरियंस के बाद शुक्ला को समझ आया कि स्टारबक्स, CCD और थर्ड वेव कॉफी जैसे कैफे में कॉफी इतनी महंगी क्यों होती है। उनका कहना है कि लोग वहां सिर्फ कॉफी के पैसे नहीं देते, बल्कि बैठने की जगह और वहां बिताए समय के भी पैसे देते हैं।

इस पोस्ट पर कई लोगों ने कैफे मालिक को कुछ तरीके बताए, जिससे लंबे समय तक बैठने वाले कस्टमर को संभाला जा सकता है।

• समय के हिसाब से ऑर्डर: एक यूजर ने कहा कि कस्टमर जितनी देर कैफे में बैठें, उन्हें उतनी देर के हिसाब से कुछ न कुछ मंगवाना चाहिए।

• घंटे के हिसाब से पैसे: दूसरे यूजर ने कहा कि कैफे में बैठने के हर घंटे का पैसा तय कर देना चाहिए और साथ में कॉफी मुफ्त देनी चाहिए।

• लैपटॉप पर रोक: एक यूजर ने सुझाव दिया कि कैफे में लैपटॉप लाने पर रोक लगा देनी चाहिए।

• बिल के हिसाब से समय: एक यूजर ने कहा कि कस्टमर जितना बिल दें, उन्हें उतनी देर बैठने की छूट मिलनी चाहिए। जैसे 150 से 750 रुपये के बिल पर डेढ़ घंटे और 750 से 1500 रुपये के बिल पर 2 घंटे बैठने दिया जाए।

कुछ लोगों का मानना था कि कैफे में लैपटॉप पर पूरी तरह रोक लगाना सही नहीं होगा। एक यूजर ने सुझाव दिया कि हफ्ते के दिनों में सुबह लैपटॉप इस्तेमाल करने की छूट दी जाए, लेकिन शाम और वीकेंड पर इस पर रोक लगाई जा सकती है। इससे दिन में काम करने वाले लोगों को जगह मिलेगी और शाम को दोस्तों व परिवार के साथ आने वाले कस्टमर को भी बैठने में दिक्कत नहीं होगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।