Cyclone Arnab Alert: कल का मौसम 28 अक्टूबर! इन इलाकों में प्रचंड असर डालेगा चक्रवात 'अर्नब', दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार, महाराष्ट्र तक ऐसा रहेगा मौसम

Cyclone Arnab Alert October 28: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि चक्रवात मंगलवार सुबह 11:30 बजे बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से लगभग 170 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था। इसके शाम तक पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ने और बुधवार 28 अक्तूबर की सुबह तक बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास तट पार करने की संभावना है

अपडेटेड Oct 27, 2026 पर 6:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Cyclone Arnab Alert October 28: चक्रवात 'अर्नब' की वजह 28 अक्टूबर को दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार बारिश का अलर्ट है

Cyclonic Storm Arnab Impact: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' अब पूरे उफान पर है। इसका सीधा असर बुधवार 28 अक्टूबर को देश के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिक, 28 अक्टूबर को चक्रवात 'अर्नब'  के असर से तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश और तबाही मचाने वाली तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इस चक्रवात और दूसरी मौसमी प्रणालियों के असर की वजह से दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होगी।

आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी तबाही की आशंक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात 'अर्नब'  का सबसे प्रचंड असर रहेगा। इन तीनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ बेहद भारी वर्षा होने की पूरी आशंका है। इसके साथ ही तेलंगाना और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आंतरिक एवं तटीय इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं यानी थंडरस्क्वाल चलेंगी। इनके झोंके 80 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, झारखंड और तेलंगाना के इलाकों में 50 से 60 किमी/घंटे की गति से प्रचंड हवाएं चलने का अनुमान है।


दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार और महाराष्ट्र में मौसम का हाल

चक्रवात के व्यापक असर की वजह से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में भी हवा की रफ्तार और बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आएगी। 28 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।

झारखंड में जहां 50-60 किमी/घंटे की तूफानी हवाएं चलेंगी। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने का अनुमान है। महाराष्ट्र में बिजली चमकने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। जबकि विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों की स्थिति

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम एवं मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण भारत के आंतरिक कर्नाटक, केरल एवं माहे, रायलसीमा में 30 से 40 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक के मैदानी क्षेत्रों में दिन भर तेज और असरदार सतही हवाएं चलती रहेंगी।

लैंडफॉल के दौरान समुद्र और तटों पर तूफानी हवाओं का महासंकट

चक्रवात 'अर्नब' 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले तट से टकराएगा। IMD के मुताबिक समुद्र और तटीय इलाकों में हवा की स्थिति बेहद भयावह रहने वाली है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 28 अक्टूबर को लैंडफॉल के समय तक समुद्र में हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिसके झोंके 140 किमी/घंटे तक पहुंचेंगे। तटीय आंध्र प्रदेश के कृष्णा से अनाकापल्ली तक के जिलों में 27 अक्टूबर की आधी रात से ही 90 से 100 किमी/घंटे (झोंके 110 किमी/घंटे) की गति से तूफानी हवाएं शुरू हो जाएंगी, जो लैंडफॉल के समय और अधिक तेज हो जाएंगी।

उत्तर तमिलनाडु तट, दक्षिण ओडिशा तट तथा पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 27 अक्टूबर की शाम से 28 अक्टूबर की शाम तक 40 से 50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की गति से तूफानी मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और मछुआरों को समुद्र से दूर रहने के कड़े निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- जीरो से दुबई तक पहुंचेगा अरुणाचल का कीवी! 1.5 टन की पहली ट्रायल खेप UAE रवाना; किसानों के लिए खुलेंगे अंतरराष्ट्रीय बाजार के दरवाजे

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।