Cyclone Arnab Alert: कल सुबह यानम के पास टकराएगा चक्रवाती तूफान 'अर्नब', छत्तीसगढ़ और यूपी तक दिखेगा असर, जानिए अपने राज्य का हाल

Cyclone Arnab alert Updates: मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास पहुंचने का अनुमान जताया है। तूफान के तट से टकराने के दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और पवन के झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है

अपडेटेड Oct 27, 2026 पर 2:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Cyclone Arnab alert Updates: चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान है

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'अर्नब' अब विकराल और विनाशकारी रूप ले है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 27 अक्टूबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक यह अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात 'अर्नब' 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम (पुडुचेरी) के बेहद करीब से 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार और 150 किमी/घंटे की रफ्तार वाले तूफानी झोंकों के साथ तट को पार करेगा। इस तूफान का सीधा असर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर तो पड़ेगा ही। साथ ही उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिलेगी।

आइए जानते हैं चक्रवात अर्णब और दूसरी मौसमी प्रणालियों की वजह से आपके राज्य में मौसम का कैसा हाल रहेगा:-

तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और तेलंगाना में 'रेड अलर्ट'


तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 27 और 28 अक्टूबर को कई जगहों पर बेहद भारी बारिश दर्ज की जाएगी। अनाकापल्ली, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, पूर्वी एवं पश्चिमी गोदावरी, कोणसीमा, कृष्णा और बापटला जिलों में 28 अक्टूबर की सुबह हवा की रफ्तार 125-135 किमी/घंटे (झोंके 150 किमी/घंटे) रहेगी। 29 अक्टूबर को भी यहां भारी बारिश जारी रहेगी। पड़ोसी राज्य तेलंगाना में 28 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इस दौरान 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे) की गति से चलने वाली तूफानी हवाएं तबाही मचा सकती हैं।

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश का तांडव

ओडिशा में 27 और 28 अक्टूबर को अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 28 अक्टूबर को दक्षिण ओडिशा के जिलों (गंजम, गजपति, नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी) में 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से थंडरस्क्वाल हवाएं चलेंगी। गांगेय पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश: थंडरस्क्वाल और अत्यंत भारी बारिश

मध्य भारत के राज्यों पर इस चक्रवात का सबसे गहरा असर देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में 28 अक्टूबर की सुबह से 60 से 70 किमी/घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलेंगी। 29 अक्टूबर को भी यहां बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में28 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश और 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होगी। 28 से 30 अक्टूबर के दौरान 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पश्चिम मध्य प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत में एक तरफ जहां चक्रवात का असर पहुंचेगा, वहीं दूसरी ओर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लॉनिक सर्कुलेशन का असर भी पड़ेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान 30 से 50 किमी/घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में 28 से 31 अक्टूबर के दौरान 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। इसके अलावा 29 और 30 अक्टूबर को हरियाणा, दिल्ली-NCR और पंजाब के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों का हाल

झारखंड में 28 अक्टूबर को भारी बारिश और 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश दर्ज होगी। बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को बहुत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 और 28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 2 नवंबर को भारी बारिश होगी। कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।

मछुआरों और तटीय क्षेत्रों के लिए सख्त चेतावनी

IMD ने मछुआरों को 27 से 29 अक्टूबर के बीच पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों और 27-28 अक्टूबर को तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर गहरे समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। समुद्र में अभूतपूर्व उथल-पुथल को देखते हुए बंदरगाहों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

ये भी पढ़ें- Cyclone Arnab: चक्रवात 'अर्नब' ने लिया विकराल रूप! इन 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंध्र से यूपी-बिहार तक जानें मौसम का हाल

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।