Cyclone Arnab Update: चक्रवात ‘अर्नब’ का विकराल रूप! 150 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक आंधी-बारिश का अलर्ट

IMD Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 135 किलोमीटर प्रति घंटे से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है। मौसम विभाग तूफान पर लगातार नजर रख रहा है और लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है

अपडेटेड Oct 27, 2026 पर 6:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है

IMD Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास समुद्र तट से टकरा सकता है। इस दौरान तूफान की रफ्तार 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज हवाओं के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकते हैं। तूफान को देखते हुए तटीय इलाकों के मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। आइए जानते हैं कितना असर डालेगा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’

इस चक्रवात और दूसरी मौसमी प्रणालियों के असर की वजह से दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होगी।

28 अक्टूबर को टकराएगा तूफान


मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 28 अक्टूबर 2026 की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यनम के तट से टकरा सकता है। तूफान के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास पहुंचने का अनुमान है। तूफान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशाखापत्तनम और मछलीपट्टनम में लगे डॉप्लर मौसम रडार लगातार निगरानी कर रहे हैं।

तेजी से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ पिछले छह घंटों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:30 बजे तूफान विशाखापट्टनम से करीब 170 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था। इसके अलावा यह काकीनाडा से 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम से 270 किलोमीटर पूर्व, बापटला से 350 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 370 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।

 

दिल्ली-NCR, बिहार और महाराष्ट्र में मौसम का हाल

चक्रवात के व्यापक असर की वजह से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में भी हवा की रफ्तार और बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आएगी। 28 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। झारखंड में जहां 50-60 किमी/घंटे की तूफानी हवाएं चलेंगी। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र में बिजली चमकने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। जबकि विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

यूपी में तक होगी तेज बारिश

आईएमडी के मुताबिक, 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है, वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 29 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हो सकती है और पश्चिमी यूपी में भी कुछ जगहों पर बौछारें पड़ने के आसार हैं। 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस दिन पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 31 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।