डिप्रेशन में बदला चक्रवात 'अर्नब', ओडिशा-बिहार से यूपी दिल्ली-पंजाब तक IMD ने दिया मौसम के गंभीर तेवर का अलर्ट

IMD Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' (Arnab) के तटीय इलाकों से टकराकर जमीन पर आगे बढ़ते ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए मौसम का गंभीर अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल के बाद यह तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन (Depression- गहरे दबाव) में बदल चुका है

अपडेटेड Oct 29, 2026 पर 3:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weather Forecast: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कारण देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Weather Forecast: चक्रवाती तूफान अर्णब लैंडफॉल प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब कमजोर पड़कर डिप्रेशन में बदल हो चुका है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 29 अक्टूबर को जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस मौसमी प्रणाली का खतरा अभी टला नहीं है। दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर यह डिप्रेशन उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके असर और पश्चिमी विक्षोभ के मेल से उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम बेहद उग्र रूप धारण करने वाला है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। जबकि बिहार, यूपी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात अर्णब का अवशेष डिप्रेशन पिछले 6 घंटों में 18 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगभग उत्तर दिशा में बढ़ा है। यह डिप्रेशन लगातार उत्तर दिशा में आगे बढ़ना जारी रखेगा और 29 अक्टूबर की शाम तक उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे सटे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र के रूप में और अधिक कमजोर हो जाएगा। इसके बावजूद इसके असर से कई राज्यों में तूफानी हवाओं और मूसलाधार बारिश का तांडव देखने को मिलेगा।

ओडिशा, बिहार, झारखंड और बंगाल में अत्यंत भारी बारिश और तूफानी हवाएं


पूर्वी भारत में चक्रवाती अवशेषों के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर ओडिशा में 29 अक्टूबर को और उत्तरी बिहार में 30 अक्टूबर को अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश दर्ज की जाएगी। इसके अलावा बिहार और झारखंड में 29 अक्टूबर को तथा ओडिशा में 2 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 29 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। इस दौरान 40 से 60 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। अंडमान में 30 अक्टूबर को 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो 70 किमी/घंटे तक पहुंच सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और यूपी में ओलावृष्टि व आंधी की चेतावनी

उत्तर-पश्चिम भारत में चक्रवात का असर और सक्रिय मौसमी प्रणालियों का मिला-जुला प्रभाव देखने को मिलेगा। IMD ने 29 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की सख्त चेतावनी दी है। इसके अलावा 30 अक्टूबर को उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भी ओले गिरने का अनुमान है।

पंजाब में 29 अक्टूबर को और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में 29 और 30 अक्टूबर के दौरान 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे) की गति से तूफानी हवाएं चलेंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होगी। उत्तराखंड में 29 अक्टूबर को व्यापक बारिश और 30 अक्टूबर को भारी बारिश दर्ज होने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बेहद भारी बारिश और थंडरस्क्वाल

मध्य भारत में चक्रवात का डिप्रेशन सीधा असर डाल रहा है। पूर्वी छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश होगी। इस दौरान 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे) की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलेंगी। उत्तर छत्तीसगढ़ के रायगढ़, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में 45 से 55 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 29 अक्टूबर को भारी बारिश और 40 से 60 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत का हाल

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 29 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। तेलंगाना में 1 और 2 नवंबर को 50 से 60 किमी/घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने और तटीय आंध्र प्रदेश में 2 व 3 नवंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 29 अक्टूबर को 30 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 और 30 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

समुद्र में स्थिति और मछुआरों के लिए हिदायत

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर 29 अक्टूबर की दोपहर तक 35 से 45 किमी/घंटे (झोंके 55 किमी/घंटे) की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे सुधार होगा। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटों पर 29 अक्टूबर की दोपहर तक समुद्र में स्थिति खराब रहेगी। मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 अक्टूबर की दोपहर तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटों पर तथा 31 अक्टूबर तक अंडमान सागर में न जाने की सख्त सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- यूपी में अब हिंसक प्रदर्शन में शामिल हुए तो नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी! योगी सरकार ने सख्त किए कैरेक्टर सर्टिफिकेट के नियम

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।