DDA ने पूरा किया 736 पार्कों का सेफ्टी ऑडिट, अब 190 हाय-रिस्क पार्कों में नाइट पैट्रोलिंग और सुरक्षा गार्ड! जानिए बड़ी बातें

DDA ने दिल्ली के सभी 736 पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा कर लिया है। ऑडिट के बाद पार्कों को हाई, मीडियम और लो रिस्क कैटेगरी में बांटा गया है। कई पार्कों में लाइटिंग, गेट, CCTV, सुरक्षा गार्ड, रात की गश्त और बाउंड्री से जुड़े काम शुरू किए गए हैं।

अपडेटेड Oct 02, 2026 पर 11:54 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली के 736 DDA पार्कों का सिक्योरिटी ऑडिट पूरा, हाई रिस्क वाले पार्कों में रात निगरानी शुरू की जा रही है।

नई दिल्ली: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपने सभी 736 पार्कों का सिक्योरिटी ऑडिट पूरा कर लिया है। यह ऑडिट एक हफ्ते के अंदर किया गया। इसके बाद पार्कों में सिक्योरिटी से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए कई काम शुरू किए गए हैं। DDA के मुताबिक, पार्कों की सिक्योरिटी को जरूरत के हिसाब से हाई, मीडियम और लो रिस्क की तीन कैटेगरी में बांटा गया है।

190 पार्क हाई रिस्क कैटेगरी में

ऑडिट के बाद 190 पार्कों को हाई रिस्क, 258 को मीडियम रिस्क और 288 पार्कों को लो रिस्क कैटेगरी में रखा गया है। हाई रिस्क वाले पार्कों में सुधार का काम पहले किया जा रहा है।


इसके अलावा 245 बड़े पार्कों में रात में निगरानी शुरू की गई है। गनमैन की जरूरत वाले 134 पार्कों की पहचान की गई है।

520 पार्कों में बढ़ाई जाएगी रोशनी

ऑडिट में हमेशा अंधेरा रहने वाले पार्कों पर भी ध्यान दिया गया है। अतिरिक्त लाइट लगाने के लिए 520 पार्कों की पहचान हुई है। 106 पार्कों में जरूरी काम पूरा हो चुका है, और 231 पार्कों में काम शुरू किया जा रहा है।

एंट्री की सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए 163 पार्कों में लॉक वाले गेट लगाए जा रहे है और 115 पार्कों में सेफ्टी से जुड़े बोर्ड लगाए जा चुके हैं।

CCTV और बाउंड्री पर भी हो रहा है काम

पार्कों की सिक्योरिटी के लिए 323 और पार्कों में CCTV लगाने की तैयारी है। अभी 16 पार्कों में CCTV लगे हुए हैं।

बाउंड्री और टूटी या गायब ग्रिल को ठीक करने का काम भी किया जा रहा है। इसके लिए चुने गए 399 पार्कों में से 233 पार्कों में रिपेयरिंग का काम किया जा चुका है। टॉयलेट और खाली पड़ी बिल्डिंग के आसपास की सेंसेटिव जगहों की पहचान की है।

602 पार्कों में लगेगी बायोमेट्रिक अटेंडेंस

सिक्योरिटी गार्डों की ड्यूटी और अटेंडेंस पर नजर रखने के लिए 602 पार्कों में बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू किया गया है। बाकी पार्कों में भी इसे लगाने के लिए काम चल रहा है।

DDA ने लोकल पुलिस और बीट ऑफिसर के कांटेक्ट नंबर फील्ड स्टाफ को दिए हैं। वहीं फील्ड स्टाफ की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। सभी पार्कों में यह कांटेक्ट इनफार्मेशन पहुंचाने का काम पूरा हो चुका है।

सिक्योरिटी के लिए लगाए नए रूल और मॉनिटरिंग सिस्टम

पेट्रोलिंग, गार्ड की ड्यूटी, सुपरवाइजर की जिम्मेदारी, हाजिरी और घटना की रिपोर्टिंग के लिए नए सिक्योरिटी प्रोटोकॉल यानी SOP तैयार किए जा रहे हैं। सिक्योरिटी टेंडर की टर्म और कंडीशन में भी बदलाव किया जा रहा है। पार्कों की सिक्योरिटी पर नजर रखने के लिए एक मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया गया है।

DDA के बड़े ऑफिसर हर हफ्ते पार्कों का दौरा कर रहे हैं। 30 सितंबर को प्रिंसिपल कमिश्नर ने यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क का दौरा किया। इसके बाद 1 अक्टूबर को प्रिंसिपल कमिश्नर (Hort/LS/Sys) ने कमला नेहरू रिज पार्क का दौरा किया। 28 सितंबर को सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक भी हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।