155 मीटर ऊंचा टावर और मेट्रो की डायरेक्ट कनेक्टिविटी, जानिए डीडीए के 30 हेक्टेयर वाले ईस्ट दिल्ली हब की खासियतें

कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के ठीक पास बन रहे DDA के ईस्ट दिल्ली हब में 1,026 प्रीमियम 2BHK फ्लैट, कॉमर्शियल स्पेस, नागरिक सुविधाएं और 20,000 वर्ग मीटर का सेंट्रल ग्रीन एरिया है। LG ने निरीक्षण के दौरान DDA और NBCC को लंबित मंजूरियां तेज करने और परियोजना समय पर सौंपने के निर्देश दिए।

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 5:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कड़कड़डूमा में बन रहे DDA के ईस्ट दिल्ली हब का काम जारी है। (Image AI Generated)

दिल्ली में आधुनिक आवास और सार्वजनिक परिवहन को एक साथ जोड़ने की दिशा में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का ईस्ट दिल्ली हब एक महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है। कड़कड़डूमा में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना में प्रीमियम आवासीय टावरों के साथ कॉमर्शियल स्पेस, सिविक सर्विसेज और ग्रीन जोन विकसित किए जा रहे हैं। इसकी एक बड़ी खासियत यह है कि यह कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास है और यहां से दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन तक पहुंच मिलती है।

इस परियोजना के तहत डीडीए ने पहले चरण में डीडीए टावरिंग हाइट्स नाम से प्रीमियम हाउसिंग स्कीम शुरू की थी। इसमें 1,026 प्रीमियम 2BHK अपार्टमेंट शामिल हैं। परियोजना के सबसे ऊंचे आवासीय टावर की ऊंचाई करीब 155 मीटर और इसमें 48 मंजिलें हैं। डीडीए के मुताबिक यह दिल्ली की सबसे ऊंची आवासीय इमारत है।

एलजी ने कड़कड़डूमा ईस्ट दिल्ली हब का किया निरीक्षण


दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने 10 नवंबर को कड़कड़डूमा स्थित ईस्ट दिल्ली हब का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय विधायक और डीडीए के सदस्य ओपी शर्मा के अलावा वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर भी मौजूद थे। उपराज्यपाल ने आवासीय टावरों, नागरिक सुविधाओं और आसपास के हरित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना में चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा की। डीडीए के मुताबिक, निर्माण कार्य अब पूरा होने के अंतिम चरण में है।

निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने आवासीय टावरों में चल रहे फिनिशिंग कार्यों और परियोजना को पूरा करने, सौंपने से पहले बाकी बचे कामों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने डीडीए और परियोजना को क्रियान्वित करने वाली एजेंसी एनबीसीसी (NBCC) को आपसी समन्वय के साथ काम करने, लंबित वैधानिक मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करने और परियोजना को समय पर पूरा करके सौंपने के निर्देश दिए।

30 हेक्टेयर में आवास, कारोबार और नागरिक सुविधाओं का एकीकृत विकास

ईस्ट दिल्ली हब करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यह डीडीए की एकीकृत शहरी विकास परियोजना है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़े स्थानों को एक ही परिसर और शहरी ढांचे में शामिल किया गया है। इस परियोजना का आधार ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) यानी परिवहन केंद्रित विकास की अवधारणा है। इसके तहत ऐसे सघन शहरी क्षेत्र विकसित किए जाते हैं जहां घर, कामकाज की जगहें, सार्वजनिक सुविधाएं और परिवहन के साधन एक-दूसरे के करीब हों।

इस मॉडल में सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता और पैदल आवाजाही को प्राथमिकता दी जाती है। ईस्ट दिल्ली हब में भी आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सार्वजनिक परिवहन और हरित क्षेत्रों को एकीकृत करने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने वाले शहरी ढांचे को विकसित करना है।

48 मंजिल और 155 मीटर ऊंचा है सबसे बड़ा आवासीय टावर

ईस्ट दिल्ली हब के पहले चरण में डीडीए ने डीडीए टावरिंग हाइट्स नाम से प्रीमियम हाउसिंग स्कीम लॉन्च की थी। इस योजना में कुल 1026 प्रीमियम 2BHK अपार्टमेंट हैं। परियोजना के सबसे ऊंचे आवासीय टावर में 48 मंजिलें हैं और इसकी ऊंचाई करीब 155 मीटर है। डीडीए के मुताबिक यह दिल्ली की सबसे ऊंची आवासीय इमारत है। इस परियोजना को आधुनिक आवासीय सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन तक आसान पहुंच वाले एकीकृत शहरी वातावरण के रूप में तैयार किया जा रहा है।

ब्लू और पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन के पास है परियोजना

ईस्ट दिल्ली हब की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में इसकी लोकेशन और परिवहन कनेक्टिविटी शामिल है। यह कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास स्थित है। यहां से दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन से जुड़ने की सुविधा मिलती है। मेट्रो के अलावा यह परियोजना प्रमुख सड़क नेटवर्क से भी जुड़ी हुई है। इसके आसपास एनएच-9 और एनएच-24 जैसे प्रमुख राजमार्ग हैं। इसके साथ ही आनंद विहार रेलवे स्टेशन और आनंद विहार आईएसबीटी भी इस परियोजना के नजदीक स्थित हैं।

मिवान तकनीक और जिप्सम प्लास्टर से हुआ निर्माण

डीडीए ने परियोजना में निर्माण की गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक पर भी जोर दिया है। इसके लिए मिवान शटरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा इमारतों में उच्च गुणवत्ता वाले जिप्सम प्लास्टर फिनिश का इस्तेमाल किया गया है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो का बड़ा विस्तार! 15.1 KM का बनेगा नया कॉरिडोर, 10 नए स्टेशन जुड़ेंगे; L&T को मिला 2500 करोड़ तक का ऑर्डर

20 हजार वर्ग मीटर में फैला होगा सेंट्रल ग्रीन एरिया

ईस्ट दिल्ली हब में सिर्फ आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं पर ही ध्यान नहीं दिया गया है बल्कि खुले और हरित स्थानों को भी परियोजना का हिस्सा बनाया गया है। यहां करीब 20000 वर्ग मीटर क्षेत्र में सेंट्रल ग्रीन एरिया विकसित किया गया है। इस हरित क्षेत्र और परिसर में कई तरह की सुविधाएं शामिल हैं। इनमें परिधि में जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, ओपन-एयर जिम, बहुउद्देशीय क्रिकेट मैदान और बैडमिंटन कोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा लैंडस्केप किए गए खुले स्थान भी विकसित किए जा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।