Get App

155 मीटर ऊंचा टावर और मेट्रो की डायरेक्ट कनेक्टिविटी, जानिए डीडीए के 30 हेक्टेयर वाले ईस्ट दिल्ली हब की खासियतें

कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के ठीक पास बन रहे DDA के ईस्ट दिल्ली हब में 1,026 प्रीमियम 2BHK फ्लैट, कॉमर्शियल स्पेस, नागरिक सुविधाएं और 20,000 वर्ग मीटर का सेंट्रल ग्रीन एरिया है। LG ने निरीक्षण के दौरान DDA और NBCC को लंबित मंजूरियां तेज करने और परियोजना समय पर सौंपने के निर्देश दिए।

Edited By: Sushmit Sinhaअपडेटेड Nov 10, 2026 पर 5:58 PM
155 मीटर ऊंचा टावर और मेट्रो की डायरेक्ट कनेक्टिविटी, जानिए डीडीए के 30 हेक्टेयर वाले ईस्ट दिल्ली हब की खासियतें
कड़कड़डूमा में बन रहे DDA के ईस्ट दिल्ली हब का काम जारी है। (Image AI Generated)

दिल्ली में आधुनिक आवास और सार्वजनिक परिवहन को एक साथ जोड़ने की दिशा में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का ईस्ट दिल्ली हब एक महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है। कड़कड़डूमा में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना में प्रीमियम आवासीय टावरों के साथ कॉमर्शियल स्पेस, सिविक सर्विसेज और ग्रीन जोन विकसित किए जा रहे हैं। इसकी एक बड़ी खासियत यह है कि यह कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास है और यहां से दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन तक पहुंच मिलती है।

इस परियोजना के तहत डीडीए ने पहले चरण में डीडीए टावरिंग हाइट्स नाम से प्रीमियम हाउसिंग स्कीम शुरू की थी। इसमें 1,026 प्रीमियम 2BHK अपार्टमेंट शामिल हैं। परियोजना के सबसे ऊंचे आवासीय टावर की ऊंचाई करीब 155 मीटर और इसमें 48 मंजिलें हैं। डीडीए के मुताबिक यह दिल्ली की सबसे ऊंची आवासीय इमारत है।

एलजी ने कड़कड़डूमा ईस्ट दिल्ली हब का किया निरीक्षण

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने 10 नवंबर को कड़कड़डूमा स्थित ईस्ट दिल्ली हब का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय विधायक और डीडीए के सदस्य ओपी शर्मा के अलावा वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर भी मौजूद थे। उपराज्यपाल ने आवासीय टावरों, नागरिक सुविधाओं और आसपास के हरित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना में चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा की। डीडीए के मुताबिक, निर्माण कार्य अब पूरा होने के अंतिम चरण में है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें