DDA फ्लैट्स की बंपर बिक्री के ये आंकड़े सामने आए, पहले आओ-पहले पाओ हाउसिंग स्कीम्स को लेकर भी आया न्यू अपडेट
डीडीए ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 9,332 फ्लैट बेचे, जो पिछले साल की समान अवधि से करीब 80% अधिक हैं। जानें LIG, MIG और HIG बिक्री के आंकड़े और FCFS हाउसिंग स्कीमों की बढ़ी हुई बुकिंग की अंतिम तारीख।
दिल्ली में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की ओर से एक अहम अपडेट आया है। डीडीए ने अपनी हाउसिंग स्कीम के तहत फ्लैटों की बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के बीच DDA ने कुल 9332 फ्लैट बेचे हैं। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 5198 फ्लैटों की बिक्री हुई थी। इस तरह बिक्री में करीब 80 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान पिछले साल के मुकाबले 4134 ज्यादा फ्लैट बिके हैं। खास बात यह है कि कम आय वर्ग (LIG), मध्यम आय वर्ग (MIG) और उच्च आय वर्ग (HIG) तीनों श्रेणियों में चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों की बिक्री पिछले पूरे वित्त वर्ष के आंकड़ों से आगे निकल गई है।
इस बीच डीडीए ने अपनी पहले आओ-पहले पाओ (First Come First Serve-FCFS) व्यवस्था के तहत चल रही तीन हाउसिंग स्कीमों में फ्लैट बुकिंग की समयसीमा भी बढ़ा दी है। अब इच्छुक खरीदार 31 दिसंबर तक इन योजनाओं के तहत फ्लैट बुक कर सकेंगे।
LIG, MIG और HIG तीनों कैटेगरी में पिछले साल का रिकॉर्ड पीछे छूटा
डीडीए की ओर से जारी आंकड़ों में सबसे अहम बात यह है कि फ्लैटों की बिक्री में बढ़ोतरी केवल किसी एक श्रेणी तक सीमित नहीं है। कम आय वर्ग, मध्यम आय वर्ग और उच्च आय वर्ग, तीनों कैटेगरी में अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच हुई बिक्री पिछले पूरे वित्त वर्ष के आंकड़ों से ज्यादा रही है।
LIG कैटेगरी: डीडीए ने चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में 5171 LIG फ्लैट बेचे हैं। जबकि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में इस श्रेणी के 3547 फ्लैटों की बिक्री हुई थी।
MIG कैटेगरी: मध्यम आय वर्ग के 1704 फ्लैट अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच बिके। इसके मुकाबले पिछले पूरे वित्त वर्ष में 1580 MIG फ्लैटों की बिक्री हुई थी।
HIG कैटेगरी: उच्च आय वर्ग में भी बिक्री के आंकड़े में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में 820 HIG फ्लैट बिके, जबकि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में इस श्रेणी के 404 फ्लैटों की बिक्री हुई थी।
इन आंकड़ों से साफ है कि तीनों प्रमुख श्रेणियों में चालू वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों की बिक्री पिछले वित्त वर्ष के पूरे साल की बिक्री से आगे निकल चुकी है।
नरेला में बिके 90 फीसदी से ज्यादा DDA फ्लैट
डीडीए की हाउसिंग स्कीमों की बिक्री में नरेला की भूमिका सबसे अहम रही है। प्राधिकरण के मुताबिक चालू वित्त वर्ष में अब तक हुई कुल बिक्री में 90 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नरेला की रही है। इस इलाके को धीरे-धीरे एक पसंदीदा रिहायशी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। डीडीए ने नरेला की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे वहां चल रहे और प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को अहम बताया है। इनमें अर्बन एक्सटेंशन रोड-II और प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर शामिल हैं। प्राधिकरण के मुताबिक इन परियोजनाओं से इलाके की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा नरेला के सेक्टर G2 से G6 में 138 हेक्टेयर में प्रस्तावित एजुकेशन हब भी इस क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है। इस एजुकेशन हब के लिए कई विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को जमीन आवंटित की गई है।
नरेला में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। डीडीए का मानना है कि इन सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के चलते नरेला एक सुनियोजित रिहायशी क्षेत्र के रूप में और आकर्षक बन सकता है।
FCFS हाउसिंग स्कीमों में अब 31 दिसंबर तक कर सकेंगे बुकिंग
डीडीए ने संभावित खरीदारों को अतिरिक्त मौका देने के लिए अपनी पहले आओ-पहले पाओ व्यवस्था के तहत चल रही हाउसिंग स्कीमों की बुकिंग अवधि बढ़ा दी है। अब इन योजनाओं के तहत फ्लैट बुक करने की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक होगी। डीडीएन ने नीचे दी गई 3 योजनाओं की बुकिंग अवधि बढ़ा दी है-
1. DDA Karmayogi Awaas Yojana 2025
2. DDA Karmajeevi Awaas Yojana 2026
3. DDA Nagrik Awaas Yojana 2026
इन योजनाओं के तहत इच्छुक खरीदारों को अब 31 दिसंबर 2026 तक फ्लैट बुक करने का अतिरिक्त समय मिलेगा। डीडीए के मुताबिक इस फैसले का उद्देश्य संभावित घर खरीदारों को अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार फ्लैट चुनने का अधिक अवसर देना है।
घर बैठे ऑनलाइन बुक कर सकते हैं DDA फ्लैट
डीडीए ने अपनी हाउसिंग स्कीमों में फ्लैट खरीदने की प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा है। इसका मतलब है कि इच्छुक खरीदार घर बैठे ही डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से फ्लैट बुक कर सकते हैं। इसके लिए प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध है। डीडीए के मुताबिक उसकी हाउसिंग स्कीमों के तहत उपलब्ध फ्लैट फ्रीहोल्ड हैं और खरीदारों को रेडी-टू-मूव विकल्प मिलते हैं। इसके अलावा संभावित खरीदारों के लिए सैंपल फ्लैट भी उपलब्ध कराए गए हैं ताकि वे फ्लैट की स्थिति और सुविधाओं को देखकर बेहतर फैसला ले सकें।
डीडीए का आवास पोर्टल इस लिंक पर उपलब्ध है: https://eservices.dda.org.in
DDA ने हाउसिंग स्कीमों में किए कई बदलाव
डीडीए के मुताबिक अलग-अलग आय वर्ग के लोगों की आवास संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक साथ कई हाउसिंग स्कीम शुरू की गईं। इसके अलावा, फ्लैट खरीदने वालों के लिए कर्ज की सुविधा को आसान बनाने के मकसद से कई लेंडिंग विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। डीडीए ने अपनी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए जागरूकता और पहुंच से जुड़ी गतिविधियां भी बढ़ाई हैं। प्राधिकरण का कहना है कि इन प्रयासों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों तक उसकी हाउसिंग स्कीमों की जानकारी पहुंच सके।