दिल्ली में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की ओर से एक अहम अपडेट आया है। डीडीए ने अपनी हाउसिंग स्कीम के तहत फ्लैटों की बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के बीच DDA ने कुल 9332 फ्लैट बेचे हैं। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 5198 फ्लैटों की बिक्री हुई थी। इस तरह बिक्री में करीब 80 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान पिछले साल के मुकाबले 4134 ज्यादा फ्लैट बिके हैं। खास बात यह है कि कम आय वर्ग (LIG), मध्यम आय वर्ग (MIG) और उच्च आय वर्ग (HIG) तीनों श्रेणियों में चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों की बिक्री पिछले पूरे वित्त वर्ष के आंकड़ों से आगे निकल गई है।
