DDA MIG Flats Price: DDA ने दिल्ली में 445 MIG फ्लैट्स की बिक्री शुरू की, इनकी कीमत, लोकेशन और बुकिंग की पूरी प्रोसेस जानिए
DDA MIG Flats Price: DDA खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत दिल्ली में 445 MIG फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। जानिए लोकनायकपुरम, जहांगीरपुरी और नरेला में फ्लैटों की कीमत, रजिस्ट्रेशन फीस, बुकिंग अमाउंट और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।
डीडीए की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक इस योजना में लोकनायकपुरम में 132, जहांगीरपुरी में 17 और नरेला में 296 फ्लैट शामिल हैं।
DDA Khushhaal Pariwaar Yojana 2026: दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नई आवास योजना लॉन्च की है। डीडीए ने 'डीडीए खुशहाल परिवार योजना 2026' के तहत मिडिल इनकम ग्रुप (MIG) श्रेणी के 445 फ्लैट बिक्री के लिए पेश किए हैं। ये फ्लैट दिल्ली के लोकनायकपुरम, जहांगीरपुरी और नरेला में खरीदे जा सकेंगे। योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवंबर से शुरू हो गया है जबकि फ्लैटों की बुकिंग 16 नवंबर से शुरू होगी।
डीडीए की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक इस योजना में लोकनायकपुरम में 132, जहांगीरपुरी में 17 और नरेला में 296 फ्लैट शामिल हैं। इनकी कीमत लोकेशन और फ्लैट के वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर अलग-अलग होगी। लागू छूट के बाद लोकनायकपुरम के फ्लैटों की शुरुआती कीमत 1.14 करोड़ रुपये, जहांगीरपुरी में 93.42 लाख रुपये और नरेला में करीब 67.03 लाख रुपये है। फ्लैट बुक करने के लिए 4 लाख रुपये की बुकिंग राशि जमा करनी होगी।
DDA खुशहाल परिवार योजना 2026 में कहां कितने फ्लैट?
डीडीए की इस योजना में तीन लोकेशन पर MIG श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा 296 फ्लैट नरेला में हैं। इसके बाद लोकनायकपुरम में 132 और जहांगीरपुरी में 17 फ्लैट बिक्री के लिए पेश किए गए हैं। डीडीए के मुताबिक फ्लैट का वास्तविक प्लिंथ एरिया अलग-अलग हो सकता है। इसलिए हर फ्लैट के लिए जारी होने वाले डिमांड लेटर में उसकी वास्तविक कीमत बताई जाएगी। योजना के तहत उपलब्ध फ्लैटों की संख्या में बदलाव भी हो सकता है।
लोकनायकपुरम में 132 फ्लैट, कीमत 1.14 करोड़ से शुरू
डीडीए की खुशहाल परिवार योजना में लोकनायकपुरम में MIG श्रेणी के 132 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इन फ्लैटों का प्लिंथ एरिया लगभग 134.25 से 140.45 वर्ग मीटर के बीच है। लागू छूट के बाद इन फ्लैटों की संभावित कीमत 1.14 करोड़ रुपये से 1.19 करोड़ रुपये के बीच रखी गई है। इस लोकेशन के फ्लैट देखने के इच्छुक खरीदार डीडीए के संबंधित साइट इंजीनियर से संपर्क कर सकते हैं।
जहांगीरपुरी में 17 फ्लैट, कीमत 93.42 लाख से शुरू
जहांगीरपुरी में इस योजना के तहत MIG श्रेणी के 17 फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं। इनका प्लिंथ एरिया लगभग 64.04 से 99.73 वर्ग मीटर के बीच है। डीडीए की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इन फ्लैटों की संभावित कीमत 93.42 लाख रुपये से 1.13 करोड़ रुपये के बीच है। इस लोकेशन पर फ्लैटों की संख्या बाकी दोनों जगहों के मुकाबले कम है।
नरेला में सबसे ज्यादा 296 फ्लैट, कीमत 67 लाख रुपये से शुरू
डीडीए की इस योजना में सबसे ज्यादा फ्लैट नरेला में उपलब्ध हैं। यहां सेक्टर A1-A4 के पॉकेट 1B और 1C में MIG श्रेणी के कुल 296 फ्लैट पेश किए गए हैं। इन फ्लैटों का प्लिंथ एरिया लगभग 114.05 से 114.69 वर्ग मीटर है। लागू छूट के बाद इनकी संभावित कीमत 67.03 लाख रुपये से 67.41 लाख रुपये के बीच है। तीनों लोकेशन में नरेला के फ्लैटों की संभावित कीमत सबसे कम है।
कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन और बुकिंग?
डीडीए ने योजना के लिए रजिस्ट्रेशन और बुकिंग की तारीखें अलग-अलग तय की हैं।
- रजिस्ट्रेशन की शुरुआत: 6 नवंबर 2026
- फ्लैटों की बुकिंग शुरू: 16 नवंबर 2026
- रजिस्ट्रेशन और बुकिंग का माध्यम: डीडीए का आवास पोर्टल
इच्छुक आवेदक डीडीए के आधिकारिक आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाकर 'DDA Khushhaal Pariwaar Yojana 2026' के नाम से योजना के तहत रजिस्ट्रेशन और बुकिंग कर सकेंगे।
फ्लैट बुक करने के लिए कितनी फीस देनी होगी?
योजना में फ्लैट बुक करने के इच्छुक आवेदकों को सबसे पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए 2500 रुपये की एकमुश्त रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। यह फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। हालांकि जिन लोगों ने पहले से ही डीडीए के आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा रखा है उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। फ्लैट की बुकिंग के लिए MIG श्रेणी के आवेदकों को 4 लाख रुपये जमा करने होंगे। यह बुकिंग राशि है जबकि 2500 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस अलग से देनी होगी।
DDA फ्लैट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया
रजिस्ट्रेशन और बुकिंग दोनों की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए आवेदकों को नीचे दिए गए स्टेप फॉलो करने होंगे-
1. सबसे पहले डीडीए के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाएं।
2. पोर्टल पर DDA Khushhaal Pariwaar Yojana 2026' योजना का विकल्प देखें।
3. अगर पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं और इसके लिए 2500 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस जमा करें।
4. जिन आवेदकों का पोर्टल पर पहले से रजिस्ट्रेशन है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है।
5. 16 नवंबर से योजना के तहत उपलब्ध फ्लैटों की बुकिंग की जा सकेगी।
6. MIG फ्लैट की बुकिंग के लिए 4 लाख रुपये की राशि जमा करनी होगी।
योजना की बाकी शर्तें डीडीए आवास निवेश योजना 2026 के ब्रोशर के मुताबिक लागू होंगी। इसलिए आवेदन करने से पहले इच्छुक खरीदारों को संबंधित ब्रोशर में दिए गए नियम और शर्तें भी देखनी चाहिए।
बुकिंग से पहले देख सकते हैं फ्लैट, डीडीए ने जारी किए इंजीनियरों के नंबर
डीडीए ने इस योजना के तहत बिक्री के लिए पेश किए गए फ्लैटों को इच्छुक खरीदारों के निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है। यानी संभावित खरीदार संबंधित लोकेशन पर जाकर फ्लैट देख सकते हैं। इसके लिए डीडीए ने साइट इंजीनियरों के नाम और मोबाइल नंबर जारी किए हैं।
डीडीए की इस आधिकारिक जानकारी और बाकी डिटेल्स के लिए जारी सर्कुलर को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है.
फ्लैट की कीमत के अलावा इन शुल्कों का भी रखना होगा ध्यान
डीडीए ने स्पष्ट किया है कि योजना में बताई गई संभावित कीमत में कुछ अतिरिक्त शुल्क शामिल नहीं हैं। इनमें मेंटेनेंस चार्ज, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, कन्वर्जन चार्ज शामिल हैं। ये शुल्क डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर जारी करते समय लागू दरों के हिसाब से मांगे जाएंगे। इसके अलावा किसी फ्लैट की अंतिम कीमत उसके वास्तविक प्लिंथ एरिया के आधार पर तय होगी। इसलिए योजना में दी गई कीमतों को संभावित कीमत की रेंज के तौर पर ही देखना चाहिए।