Delhi Pollution Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। आज यानी रविवार, 15 नवंबर की सुबह भी दिल्ली की हवा 'बेहद खराब' कैटेगरी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, आनंद विहार में रविवार सुबह AQI 365 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' कैटेगरी में आता है। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंचने से हालात और चिंताजनक हो गए हैं।
दिल्ली में शनिवार को भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रहा। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, 14 नवंबर को राजधानी का औसत AQI 367 दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को यह 373 था। यानी आंकड़ों में मामूली सुधार जरूर हुआ। लेकिन लोगों को प्रदूषण से कोई खास राहत नहीं मिली। शनिवार को दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 17 पर एयर क्वालिटी 'गंभीर' कैटेगरी में दर्ज की गई।
इन इलाकों में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा
शुक्रवार को 403 तक पहुंचा था AQI
दो दिन पहले शुक्रवार को भी दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब रही। सुबह राजधानी का तत्कालिक AQI 403 तक पहुंच गया था। इस दौरान IIT दिल्ली में AQI 488 दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में 479 और नॉर्थ कैंपस में 478 रहा। लगातार बढ़ते प्रदूषण के बीच राजधानी के कई हिस्सों में धुंध और स्मॉग की मोटी परत देखने को मिल रही है। इससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
धुआं प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के पीछे वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनकर सामने आया है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के रियल टाइम PM2.5 सोर्स-अपॉर्शनमेंट आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में PM2.5 प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी 31.5 फीसदी रही।
सेहत के लिए कितना खतरनाक है AQI 365?
AQI 365 बेहद खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से सांस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण के इस दौर में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क इस्तेमाल करना और सांस लेने में परेशानी होने पर डॉक्टरों से सलाह लेना बेहतर रहेगा।
गाजियाबाद देश के पांच सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल
गाजियाबाद लगातार तीन दिन से देश के पांच सबसे प्रदूषित जिलों में शामिल है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 12 नवंबर को 338, 13 नवंबर को 368 और 14 नवंबर को 352 दर्ज किया गया। इस आधार पर इन तीन दिन में गाजियाबाद देश का पांचवां, तीसरा और चौथा सबसे प्रदूषित जिला रहा। स्थानीय निवासियों ने प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताईं और सवाल उठाया कि चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत लागू किए गए प्रदूषण नियंत्रण के उपाय कितने प्रभावी हैं।
वसुंधरा के रहने वाले देवेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि प्रशासन प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने में नाकाम रहा है। तोमर ने कहा कि वसुंधरा के सेक्टर 14 और सेक्टर 15 के साथ-साथ इंदिरापुरम के कुछ हिस्सों में अब भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई मिट्टी सड़कों के किनारे जमा कर दी गई है, जिससे धूल प्रदूषण फैल रहा है। संदीप गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जिलाधिकारी और नगर निगम को टैग करके हिंडन पार इलाके में प्रदूषण की ओर उनका ध्यान दिलाया।
एक अन्य निवासी अभिनव सिंह ने आरोप लगाया कि जब प्रदूषण का स्तर बहुत खराब हो जाता है, तब वायु गुणवत्ता मापने वाले स्टेशन काम करना बंद कर देते हैं। कई स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि इंदिरापुरम में वायु गुणवत्ता मापने वाले स्टेशन में दो दिन पहले तकनीकी खराबी आ गई थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय इलाके में प्रदूषण का स्तर कथित तौर पर बहुत अधिक था। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने कहा कि ग्रैप-3 के प्रतिबंधों का उल्लंघन किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद प्रदूषण विभाग ने कार्रवाई की।