Delhi Pollution: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। बढ़ते प्रदूषण की वजह से लोगों को खराब हवा में सांस लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार को इंडिया गेट के आसपास AQI 374 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने एक दिन पहले ही ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण यानी स्टेज-II की पाबंदियां लागू की थीं। इसके बावजूद राजधानी में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। वहीं, ठंड बढ़ने, हवाओं की रफ्तार कम होने और आसपास के राज्यों में पराली जलाने से आने वाले दिनों में प्रदूषण की समस्या और बढ़ सकती है।
