दिल्ली में गुरुवार की सुबह एक बार फिर धुएं और स्मॉग की मोटी चादर के साथ हुई। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में दिल्ली का औसत AQI 314 से 319 के बीच दर्ज किया गया, जो 'वेरी पुअर' कैटेगरी में आता है।
कहां सबसे ज्यादा खराब है हवा?
दिल्ली में सबसे खराब हालत IIT दिल्ली इलाके की है। यहां का AQI 412 तक पहुंच गया, जो 'सीवियर' कैटेगरी में है। इसके अलावा NSUT, जाफरपुर और ITO में 394, नॉर्थ कैंपस में 392 और चांदनी चौक में 388 AQI दर्ज किया गया।
NCR में भी हालात कोई अच्छे नहीं हैं। नोएडा में AQI 284, गुरुग्राम में 300, गाजियाबाद में 280 और फरीदाबाद में 270 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके 'पुअर' कैटेगरी में हैं, लेकिन प्रदूषण लगातार बना हुआ है।
Diwali के बाद भी क्यों नहीं सुधरी हवा?
दिवाली के बाद से ही दिल्ली की हवा लगातार खराब चल रही है। 8 नवंबर को दिवाली वाले दिन दिल्ली का औसत AQI 376 था। इसके बाद 9 नवंबर को 344, 10 नवंबर को 299 और 11 नवंबर को 313 रहा। गुरुवार को फिर यह 319 तक पहुंच गया।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) के विश्लेषण के मुताबिक, दिवाली से एक हफ्ते पहले PM2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो पिछले तीन साल में इस अवधि में सबसे ज्यादा है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि पटाखों का धुआं, पराली का धुआं, गाड़ियों का धुआं और धीमी हवाएं, ये चारों मिलकर दिल्ली की हवा को जहरीला बना रहे हैं।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, अगले दो दिनों में PM2.5 और PM10 में थोड़ी कमी आ सकती है क्योंकि हवा की गति बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन IMD ने साफ किया है कि दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। बिना बारिश के प्रदूषण से बड़ी राहत मिलना मुश्किल है।
IITM के मॉडल के अनुसार, गुरुवार को पराली जलाने का हिस्सा बढ़कर 20% तक पहुंच सकता है, जिससे हवा और खराब हो सकती है।
दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-3 अभी भी लागू है। इसके तहत धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक है।
सुबह-शाम वॉक और एक्सरसाइज से बचेंबाहर निकलें तो N95 मास्क जरूर पहनें घर में खिड़कियां बंद रखें, एयर प्यूरीफायर चलाएं ,अस्थमा और हार्ट के मरीज खास सावधानी बरतें बच्चों और बुजुर्गों को बाहर न भेजें।
दिल्ली की हवा फिलहाल सुधरने के मूड में नहीं है। दिवाली के कई दिन बाद भी AQI 'वेरी पुअर' से 'सीवियर' के बीच झूल रहा है, IIT दिल्ली जैसे इलाकों में तो हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और धीमी हवाएं प्रदूषण को और बढ़ा रही हैं। अगले 2 दिन में हवा की गति बढ़ने से मामूली राहत मिल सकती है, लेकिन बड़ी राहत के लिए अभी इंतजार करना होगा। तब तक मास्क, घर में रहना और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।