दिल्ली में वायु प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए एक बार फिर कृत्रिम बारिश यानी क्लाउड सीडिंग कराने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर इस बात का अध्ययन कर रहा है कि दिल्ली के आसमान में कृत्रिम बारिश कराने के लिए वातावरण में पर्याप्त नमी मौजूद है या नहीं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में संस्थान के सूत्रों के हवाले से बताया है कि अनुकूल नमी की स्थिति की पुष्टि होने के बाद ही इस ऑपरेशन को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि क्लाउड सीडिंग ऑपरेशन के लिए विमान तैयार है और यह दिल्ली से ही उड़ान भरेगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि कृत्रिम बारिश कराई जाएगी या नहीं। इसके लिए सबसे पहले वातावरण में नमी की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है।
दिल्ली का औसत AQI 299, राहत के बावजूद कई इलाकों में हवा बेहद खराब
इस बीच बुधवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक 11 नवंबर को सुबह 7 बजे राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है। CPCB के निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के कई स्थानों पर AQI ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
दिल्ली में सबसे अधिक AQI छावला में 396 दर्ज किया गया। इसके बाद चांदनी चौक में 379, DTU और IIT दिल्ली में 375-375, नॉर्थ कैंपस में 374 और ITO में 367 AQI रिकॉर्ड किया गया। अन्य इलाकों में बुराड़ी क्रॉसिंग में 362, पूसा में 359, NIH नरेला में 352, NSUT जाफरपुर में 351, NSIT द्वारका में 350 और CRRI मथुरा रोड में 348 AQI दर्ज हुआ।
पंजाबी बाग में AQI 341, JNU में 339, आया नगर में 337, तालकटोरा गार्डन में 331, विवेक विहार में 326, सिरिफोर्ट और वजीरपुर में 321-321 तथा जहांगीरपुरी में 320 दर्ज किया गया। इसके अलावा बुराड़ी में 315, बदरपुर में 312, मुंडका में 305, आनंद विहार और बवाना में 304-304 तथा आरके पुरम में 300 AQI रिकॉर्ड किया गया। ये सभी स्थान ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहे।
इन इलाकों में ‘खराब’ श्रेणी में रही हवा
दिल्ली के कुछ अन्य निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। रोहिणी और अशोक विहार में AQI 298-298 रहा। द्वारका सेक्टर-8 में यह 295, झरोड़ा कलां में 289 और IGNOU मैदान गढ़ी में 287 दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर AQI 282, अलीपुर में 279 और उत्तम नगर में 259 रिकॉर्ड हुआ। इस श्रेणी में सबसे कम AQI IMD लोधी रोड पर 203 दर्ज किया गया।
दिवाली के बाद बिगड़ी थी दिल्ली की हवा
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को दिवाली का त्योहार मनाए जाने के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गिरावट आई थी। राजधानी में प्रदूषण की समस्या के साथ तापमान में कमी और मध्यम स्तर के कोहरे ने भी स्थिति को प्रभावित किया है। प्रदूषण के असर को कम करने के लिए दिल्ली सरकार की ओर से भी कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में पानी के छिड़काव के लिए वाटर स्प्रिंकलर का इस्तेमाल कर रही है ताकि हवा में मौजूद कणों के प्रभाव को कम किया जा सके।
फिलहाल दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराने को लेकर IIT कानपुर के अध्ययन और वातावरण में नमी की स्थिति पर नजर है। विमान तैयार होने के बावजूद ऑपरेशन तभी आगे बढ़ेगा, जब संस्थान को इसके लिए मौसम और नमी की स्थिति अनुकूल मिलेगी।