अब 3 घंटे सिर्फ 45 मिनट में होंगे पूरे, ट्रैफिक से मिलेगी राहत! सराय काले खां टू सोहना-पलवल का ट्रायल रहा सुपरहिट

दिल्ली-फरीदाबाद-सोहना-पलवल एक्सप्रेसवे कॉरिडोर (NH-148A) का आखिरी हिस्सा पूरा हो गया है। इससे सराय काले खां से सोहना और पलवल तक का सफर कम समय में पूरा होगा। इस कॉरिडोर से दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम कम होने और पैसेंजर का समय बचने की उम्मीद है।

अपडेटेड Oct 20, 2026 पर 3:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

नई दिल्ली। दिल्ली और हरियाणा के बीच सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है।

DND-फरीदाबाद-सोहना-पलवल एक्सप्रेसवे कॉरिडोर (NH-148A) का आखिरी हिस्सा पूरा हो गया है। यहां ट्रायल रन के दौरान सराय काले खां से सोहना और पलवल तक का सफर कम समय में पूरा हुआ। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली-NCR में ट्रैफिक का दबाव कम होने और लोगों का समय बचने की उम्मीद है।

एक्सप्रेसवे की मुख्य बातें


• कुल लंबाई: DND-फरीदाबाद-सोहना हाईवे करीब 59 किलोमीटर लंबा है। इसके अलावा DND फ्लाईओवर से जैतपुर तक दिल्ली वाला हिस्सा करीब 9 किलोमीटर का है।

• प्रोजेक्ट की लागत: इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 5,332 करोड़ रुपये बताई गई है।

• कहां से कहां तक: यह कॉरिडोर दिल्ली में DND फ्लाईओवर से शुरू होकर कालिंदी कुंज, जैतपुर-मीठापुर और फरीदाबाद की ओर जाता है। आगे यह KMP एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ता है।

• उद्घाटन: सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल के आखिर में इसका उद्घाटन कर सकते हैं।

इस कॉरिडोर के चालू होने से दिल्ली के कई व्यस्त रास्तों पर ट्रैफिक कम होने की उम्मीद है। खासकर आश्रम चौक, कालिंदी कुंज, मथुरा रोड, रिंग रोड और बदरपुर बॉर्डर के आसपास जाम से राहत मिल सकती है।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के मुताबिक, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और सोहना जाने वाले वाहन इस नए रास्ते का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे पुराने रास्तों पर ट्रैफिक कम हो सकता है। DND फ्लाईओवर से फरीदाबाद तक का सफर करीब 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है, जबकि अभी आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक पहुंचने में ही करीब 30 मिनट लगते हैं।

इस कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों पर काम और ट्रायल की स्थिति अलग है

• दिल्ली वाला हिस्सा: DND फ्लाईओवर से जैतपुर तक करीब 9 किलोमीटर का हिस्सा ट्रायल के लिए खोला गया है। यहां फिलहाल टोल नहीं लिया जा रहा है और स्पीड लिमिट 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। NHAI वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहा है।

• हरियाणा वाला हिस्सा: जैतपुर से सोहना और KMP एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाला करीब 50 किलोमीटर का हिस्सा चालू है। यहां टोल लिया जा रहा है।

हाल ही में नितिन गडकरी इस हिस्से का निरीक्षण किया था। उस समय NHAI की ओर से तकनीकी जांच की जा रही थी। अब आखिरी हिस्सा पूरा होने के बाद कॉरिडोर के पूरी तरह जुड़ने की उम्मीद है। ट्रायल रन में सराय काले खां से सोहना और पलवल तक 40-45 मिनट का समय बताया गया है, लेकिन असल सफर में कितना समय लगेगा, यह ट्रैफिक पर निर्भर करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।