मालवीय नगर आग हादसा: कुक केशव नेगी की गलती और चली गई 21 लोगों की जान! अब दिल्ली पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

Delhi Fire Tragedy: फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून की सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 11 विदेशी और 10 भारतीय हैं। विदेशियों में 9 अफ्रीकी देशों के नागरिक थे। हादसे के मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को गुरुवार को कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 11:49 AM
फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून को लगी आग मामले में पुलिस लगातार एक्शन ले रही है

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून को लगी आग मामले में पुलिस लगातार एक्शन ले रही है। वहीं इस मामले में पुलिस ने शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि होटल के रसोइए की लापरवाही भी आग लगने की एक वजह थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 65 वर्षीय शेफ केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

होटल के कुक केशव नेगी को किया गिरफ्तार

इसके अलावा पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


बता दें कि, फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून की सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 11 विदेशी और 10 भारतीय हैं। विदेशियों में 9 अफ्रीकी देशों के नागरिक थे। हादसे के मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को गुरुवार को कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। बजाज से जब पूछा गया कि 6 कमरे का लाइसेंस लेकर 25 कमरे कैसे चला रहे थे? फायर एनओसी भी नहीं थी।

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन

पुलिस जांच में सामने आया है कि आग लगने की मुख्य वजह रसोइए की लापरवाही थी। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के लिए और कौन-कौन जिम्मेदार हो सकता है। इस दर्दनाक हादसे में कई विदेशी नागरिकों की भी जान गई। मृतकों में नाइजीरिया के चार, किर्गिस्तान के तीन तथा मोजाम्बिक, लाइबेरिया, उज़्बेकिस्तान, बांग्लादेश और इराक के एक-एक नागरिक शामिल थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली सरकार की 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' (B&B) नीति के तहत इस प्रॉपर्टी में केवल छह कमरों की अनुमति थी। लेकिन जांच में पता चला है कि यहां कथित तौर पर करीब 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे, जिनमें कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे। जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान इमारत में अतिरिक्त मंजिलें बनाई गईं, लेकिन इसके लिए संबंधित अधिकारियों से जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी। अधिकारियों का मानना है कि क्षमता से अधिक संचालन और नियमों का पालन न करने जैसी अनियमितताएं इस हादसे की गंभीरता बढ़ाने का कारण बन सकती हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।