नई दिल्ली। इस दशहरे पर दिल्ली के द्वारका में रावण दहन कुछ खास तरीके से होने वाला है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सेक्टर 10 में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया है। इसकी ऊंचाई करीब 22 मंजिला बिल्डिंग के बराबर है। आयोजकों का दावा है कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा रावण का पुतला है और इस बार इसे जलाने के लिए स्पेशल रिमोट कंट्रोल का इस्तेमाल किया जाने वाला है।
द्वारका श्री रामलीला सोसाइटी के चेयरमैन आकाश राजेश गहलोत के मुताबिक, इस साल पहली बार 5 बटन वाले रिमोट से रावण का दहन किया जाएगा। हर बटन दबाने पर पुतले के अलग-अलग हिस्से में आग लगेगी।
1. पहला बटन: रावण के मुकुट में धमाका होगा।
3. तीसरा बटन: पेट वाले हिस्से में आग लगेगी।
4. चौथा बटन: पैरों में आग लगेगी।
5. पांचवां बटन: पूरा पुतला आग की लपटों में घिर जाएगा।
इस तरह इस स्पेशल रिमोट की मदद से रावण का दहन इस साल कुछ खास अंदाज में होने वाला है।
221 फीट ऊंचे इस पुतले को बनाने में 120 कारीगरों और मजदूरों को करीब तीन महीने लगे है। इनमें चंडीगढ़ के कारीगर भी हैं। पुतले का ढांचा बनाने में करीब 7 टन लोहे का इस्तेमाल किया गया है। इसे मजबूती से खड़ा रखने के लिए जमीन में 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है।
इस विशाल पुतले को बनाने में करीब 45 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसे सजाने के लिए पानी से खराब न होने वाले मखमली कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। इसके मुकुट की ऊंचाई ही करीब 25 फीट है।
आयोजकों के मुताबिक, रावण दहन के दौरान ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के 90-90 फीट ऊंचे पुतले भी जलाए जाएंगे। 221 फीट ऊंचा रावण और रिमोट से दहन की व्यवस्था इस बार द्वारका के दशहरे को खास बनाएगी।