Delhi Judge Suicide Update: 'आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही पत्नी से झगड़ा हुआ था..'; दिल्ली जज खुदकुशी मामले में साली की एंट्री से नया मोड़

Judge Suicide Case: पुलिस ने शनिवार (2 मई) को बताया कि दिल्ली के सफदरजंग इलाके में कथित तौर पर 30 वर्षीय एक जज ने आत्महत्या कर ली। वह अपने आवास पर फंदे से लटके हुए पाए गए। मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अमन शर्मा कड़कड़डूमा कोर्ट में DLSA के सचिव के पद पर तैनात थे

अपडेटेड May 03, 2026 पर 10:04 AM
Judge Suicide Case: जज अमन शर्मा ने कथित तौर पर पत्नी स्वाति और साली IAS निधि मलिक से परेशान होकर फांसी लगा ली

Judge Suicide Case Update: दिल्ली के जज अमन कुमार शर्मा सफदरजंग स्थित अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। परिवार के सदस्यों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा (30) के रूप में हुई है। ऐसा लगता है कि उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। एक अधिकारी ने बताया कि अमन के बहनोई शिवम से घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "अभी तक किसी भी प्रकार की साजिश का पता नहीं चला है। हालांकि, जांच प्रक्रिया के तहत सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है। वहीं, परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि शर्मा मानसिक रूप से परेशान थे। कुछ समय पहले उन्होंने उत्पीड़न की शिकायत की थी।

मृतक के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि परिवार को शुक्रवार देर रात सूचना मिली। शर्मा ने कहा, "मेरा बेटा और मेरी बहू (अमन की बहन) ग्रीन पार्क गए थे। अमन को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।"


अमन के पिता प्रेम शर्मा के पुलिस को दिए गए कथित बयान का हवाला देते हुए राजेश ने कहा कि अमन ने घटना वाली रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया और अपनी परेशानी बताई। राजेश ने दावा किया, "अमन ने अपने पिता से कहा, 'मैं बहुत परेशान हूं। मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है। मुझे दो महीने से प्रताड़ित किया जा रहा है'।"

साली की एंट्री से नया मोड़

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शर्मा पिछले दो महीनों से अपनी पत्नी के साथ समस्याओं का सामना कर रहे थे। उन्होंने आगे बताया, "प्रेम को बताया गया कि अमन का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जो खुद एक न्यायिक अधिकारी हैं। अमन की पत्नी की बहन निधि मलिक (साली) एक IAS अधिकारी हैं। वह जम्मू में तैनात हैं।"

पिता के बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा था कि उन्हें घर पर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कथित तौर पर अपने पिता से कहा, "घर पर निधि मलिक का पूरा कंट्रोल है। सब कुछ उन्हीं की मर्जी से होता है।" बताया जा रहा है कि पत्नी स्वाति और अमन के बीच झगड़ा हुआ। फिर अमन बाथरूम में गए और कथित तौर पर फांसी लगा ली।

परिवार ने आगे दावा किया कि जब पिता ने पत्नी के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया था। इस मामले को सुलझाने के लिए उनकी तरफ़ के एक रिश्तेदार को बुलाया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने यह कहते हुए खुद को अलग कर लिया कि वे इसमें दखल नहीं दे सकते।

खुदकुशी से पहले कपल के बीच हुआ था झगड़ा

राजेश ने आरोप लगाया कि रात में कपल के बीच झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा, "अमन की पत्नी बहुत गुस्से में थी और चिल्ला रही थी, जबकि अमन रो रहे थे। फिर अचानक से खामोशी छा गई।" आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में कार्यभार संभाला था।

ये भी पढ़ें- West Bengal Re-Polling: फाल्ट में महिलाओं ने लगाया TMC के लोगों पर धमकाने आरोपी, BJP कार्यकर्ताओं के साथ भी हो गई भिड़ंत

पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से 'बैचलर ऑफ लॉ' शर्मा ने 18 अक्टूबर 2025 से कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी जिले के जिला विधि सेवा प्राधिकरण (DLSA) के पूर्णकालिक सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।