दिल्ली में सितंबर की ठंड ने तोड़ा 25 साल का रिकॉर्ड! 21°C गिरा पारा, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 21°C दर्ज किया गया। यह सितंबर में पिछले 25 सालों का दूसरा सबसे कम तापमान है। बारिश के बाद दिल्ली की हवा भी साफ हुई है और AQI ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया है।

अपडेटेड Sep 28, 2026 पर 10:37 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली में ठंडी हवाओं और बादलों के बीच तापमान गिरा और बारिश के बाद हवा की क्वालिटी में सुधार हुआ।

दिल्ली-NCR में रविवार को मौसम सुहावना रहा। दिनभर आसमान में बादल और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 2001 के बाद सितंबर में दिल्ली का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। वहीं, अधिकतम तापमान भी 1.4 डिग्री गिरकर 30.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। पिछले 24 घंटों में दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक नीचे आया।

बारिश के बाद दिल्ली की हवा में भी सुधार देखने को मिला है। CPCB (Central Pollution Control Board) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 53 दर्ज किया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। जबकि शनिवार को AQI 72 था।

दिल्ली-NCR के इन इलाकों में बारिश का असर


रविवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक दिल्ली-NCR में कहीं बारिश नहीं हुई। इससे पहले हुई बारिश का असर कई इलाकों में देखने को मिला। दिल्ली में मयूर विहार में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। रिज में 6.8 मिमी और लोधी रोड में 5.2 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 4.9 मिमी और राजघाट में 4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अयानगर और पूसा में 4-4 मिमी और पालम में 3.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। नोएडा में 26.5 मिमी बारिश हुई। इसके साथ ही गाजियाबाद और फरीदाबाद में 4.5-4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

रविवार को राजधानी में उत्तर-पूर्व दिशा से तेज हवाएं भी चलीं। दिल्ली में हवा की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रति घंटा रही। पालम में यह 30 से 33 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। दिन के दौरान नमी का स्तर 63 से 100 फीसदी के बीच रहा है।

आने वाले दिनों में मौसम का अनुमान

अब सोमवार यानी 28 सितंबर को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिन में धूप भी निकल सकती है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और पूरे हफ्ते मौसम सूखा रह सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।