Delhi News: दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में दो स्थानों पर खालिस्तान समर्थित नारे लिखने के आरोप में खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार (5 फरवरी) को बताया कि कनाडा में रहने वाले खालिस्तानी आतंकवादी और SFJ का मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े दो स्लीपर सेल सदस्यों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के एंबुलेंस चालक बलजिंदर और उसके साथी रोहित उर्फ कीर्थ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर कनाडा स्थित एसएफजे प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर काम किया। उसने बताया कि पन्नू ने इन दोनों को 26 जनवरी से कुछ दिन पहले सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और शहर में अशांति फैलाने के मकसद से सार्वजनिक स्थानों पर नारे लिखने के लिए दो लाख रुपये देने का वादा किया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "आरोपियों ने गणतंत्र दिवस से ठीक पहले दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर खालिस्तान समर्थित नारे लिखे।" अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि साजिश कथित तौर पर कनाडा से रची गई थी। वहां पन्नू के एक करीबी सहयोगी ने आरोपियों के साथ बातचीत किया।
उन्होंने बताया कि पन्नू के सहयोगी ने बलजिंदर और रोहित को कथित तौर पर यह काम सौंपा था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान बलजिंदर ने खुलासा किया कि उसे रुपयों के साथ संसाधन सहायता का भी लालच दिया गया था। जबकि रोहित ने उसे जगहों की पहचान करने व कृत्य को अंजाम देने में मदद की।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "पुलिस पन्नू तथा उसके नेटवर्क से जुड़े और लोगों की तलाश जारी रखे हुए है।" यह घटनाक्रम 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले राष्ट्रीय राजधानी में दो जगहों पर खालिस्तानी समर्थक नारे लिखकर सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिशों के बाद हुआ है।
गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ 26 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने की धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (दुश्मनी को बढ़ावा देना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक आरोप), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कार्य), और 61 (आपराधिक साजिश) के तहत दर्ज किया गया था।
पन्नू ने सोशल मीडिया पर एक जहरीला वीडियो जारी किया था। इसमें आतंकी ने दावा किया गया था कि उसके स्लीपर सेल ने राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी और डाबरी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए हैं।