रविवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है। कई दिनों से प्रदूषण झेल रहे लोगों को कुछ राहत मिली और एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' से सुधरकर 'खराब' स्तर पर पहुंच गई। सुबह राजधानी की हवा बेहद खराब स्थिति में थी और AQI 352 दर्ज किया गया था। इस दौरान सात मॉनिटरिंग स्टेशन गंभीर श्रेणी में थे। दिवाली के बाद से ही दिल्ली में धुंध और प्रदूषण का असर बना हुआ था। मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की वजह से हवा में मौजूद प्रदूषण के कण कम हुए। इसकी वजह से लोगों को प्रदुषण से को राहत मिली है।
दिल्ली सरकार के रात 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, सुबह जिन इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर था, वहां शाम तक काफी सुधार हुआ। IIT दिल्ली का AQI सुबह 428 था, जो रात में घटकर 302 रह गया। इसी तरह ITO में यह 414 से कम होकर 282, नॉर्थ कैंपस में 402 से 266 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 400 से घटकर 256 पर पहुंच गया। वहीं, कैंटोनमेंट इलाके में AQI 113 और लोधी रोड पर 183 दर्ज किया गया। हालांकि, NSIT द्वारका में 344, जाफरपुर में 303 और सिरीफोर्ट में 302 AQI के साथ प्रदूषण का स्तर अब भी बहुत खराब बना हुआ था। वहीं, नोएडा में AQI 163 और गुरुग्राम में 166 दर्ज किया गया।
रविवार को दिल्ली में प्रदूषण फैलने की सबसे बड़ी वजह पराली, लकड़ी और दूसरे ठोस ईंधन जलाना रहा। आंकड़ों के मुताबिक, इससे शहर के कुल प्रदूषण में 37.1 प्रतिशत हिस्सा जुड़ा। इसके बाद हवा में रासायनिक बदलाव से बनने वाले छोटे कणों का योगदान 22 प्रतिशत और वाहनों से निकलने वाले धुएं का 17.2 प्रतिशत रहा। वहीं, अन्य छोटे प्रदूषक कणों से 9.6 प्रतिशत प्रदूषण फैला। इसके अलावा कचरा, प्लास्टिक और रबर जलाने से 5.5 प्रतिशत, जबकि अलग-अलग चीजों के जलने से 4.3 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। खनिज धूल और राख का योगदान 2 प्रतिशत, पटाखों का 1.6 प्रतिशत और कारखानों से निकलने वाले धुएं का हिस्सा 0.6 प्रतिशत दर्ज किया गया। ये आंकड़े PM2.5 प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों से जुड़े हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रविवार को दिल्ली की हवा में सुधार की वजह तेज हवाएं और हल्की बारिश रही। इन दोनों के कारण प्रदूषण के कण हवा में फैलने लगे और हवा का बहाव बेहतर हुआ। IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली सतही हवाओं की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। रविवार को दिल्ली में ज्यादातर समय बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर के समय आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे प्रदूषण के कण फैलने लगे और लोगों को थोड़ी राहत मिली।
कब तक सही रहेगी दिल्ली की हवा
दिल्ली के लोगों को मिली राहत ज्यादा दिनों तक रहने की उम्मीद नहीं है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुमान के मुताबिक, 16 नवंबर को राजधानी की हवा 'खराब' श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद 17 और 18 नवंबर को प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने और हवा के 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। अनुमान है कि आने वाले छह दिनों तक दिल्ली की एयर क्वालिटी इसी 'बहुत खराब' स्तर पर बनी रह सकती है।