Delhi Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार 13 नवंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक ITO में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 455 दर्ज किया गया। यह स्तर Severe Plus श्रेणी में आता है। वहीं AIIMS, आनंद विहार और अक्षरधाम जैसे इलाकों में भी AQI 400 के पार रहा। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता Severe श्रेणी में दर्ज की गई।
प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार सुबह राजोकरी बॉर्डर पर AQI 402, AIIMS के आसपास 417-418, अक्षरधाम में 414 और आनंद विहार में भी 414 दर्ज किया गया। दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर AQI 369 रहा, जो Very Poor श्रेणी में आता है। वहीं जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास यह आंकड़ा 374 दर्ज किया गया।
दिल्ली में लगातार बिगड़ रही हवा, दिवाली के बाद सबसे खराब स्थिति
दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार की दोपहर राजधानी का औसत AQI बढ़कर 350 पर पहुंच गया था। हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक दिवाली की रात के बाद यह सबसे खराब स्तर था। इसके बाद गुरुवार रात प्रदूषण और बढ़ा तथा औसत AQI 387 तक पहुंच गया। गुरुवार रात दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 21 पर वायु गुणवत्ता Severe श्रेणी में दर्ज की गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचने से स्थिति और गंभीर हो गई।
पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं घटीं, फिर भी क्यों बढ़ रहा प्रदूषण?
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह सिर्फ पराली जलाने की घटनाएं नहीं हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब में खेतों में आग लगाने की घटनाओं में कमी आने के बावजूद राजधानी की हवा लगातार खराब हुई है। इसके पीछे मौसम और वातावरण से जुड़ी कई परिस्थितियां जिम्मेदार बताई जा रही हैं। कमजोर सतही हवाओं, वातावरण में अधिक नमी और मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई कम होने के कारण प्रदूषक तत्व हवा में फैल नहीं पा रहे हैं। नतीजतन प्रदूषण राजधानी के वातावरण में जमा हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार शाम तक PM2.5 का स्तर 24 घंटे के भीतर दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 244 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। यह राष्ट्रीय मानक से करीब चार गुना अधिक था। PM2.5 के बेहद सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
1400 मीटर से घटकर 400 मीटर रह गई मिक्सिंग लेयर
प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई में आई गिरावट भी है। मिक्सिंग लेयर वह वायुमंडलीय परत है, जो यह तय करती है कि प्रदूषक तत्वों को फैलने के लिए कितनी हवा उपलब्ध होगी। इसकी ऊंचाई कम होने पर प्रदूषकों के फैलने की क्षमता घट जाती है और वे वातावरण में अधिक समय तक जमा रहते हैं। गुरुवार दोपहर दिल्ली में मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई घटकर लगभग 400 मीटर रह गई थी। इसके मुकाबले दो दिन पहले यह करीब 1400 मीटर थी। यानी बहुत कम समय में इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी हवाओं के दोबारा सक्रिय होने से पंजाब और हरियाणा में खेतों में लगाई जा रही आग का धुआं दिल्ली की ओर आने लगा है। कमजोर हवाओं और कम मिक्सिंग लेयर के साथ मिलकर इन परिस्थितियों ने प्रदूषण को और बढ़ा दिया है।
GRAP-3 लागू होने के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति
दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत कई पाबंदियां लागू की गई हैं। वायु गुणवत्ता में और गिरावट की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-NCR में GRAP के तीसरे चरण को लागू किया था। उस समय दिल्ली का AQI 382 तक पहुंच गया था और पूर्वानुमानों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई गई थी।
GRAP के अलग-अलग चरणों के तहत प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक और नियंत्रण के उपाय किए जाते हैं। इनमें निर्माण एवं तोड़फोड़ की गतिविधियों पर पाबंदियां, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध और प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए अन्य आपातकालीन कदम शामिल हैं।
AQI 401 से 450 तक Severe, 450 से ऊपर Severe Plus
संशोधित GRAP व्यवस्था के तहत वायु गुणवत्ता सूचकांक के आधार पर प्रदूषण की गंभीरता तय की जाती है। इसके मुताबिक AQI 401 से 450 के बीच होने पर हवा Severe श्रेणी में आती है। वहीं 450 से ऊपर का AQI Severe Plus श्रेणी में माना जाता है। इस लिहाज से ITO का 455 AQI Severe Plus श्रेणी में है जबकि AIIMS, आनंद विहार, अक्षरधाम और राजोकरी बॉर्डर जैसे इलाकों में दर्ज 400 से अधिक के आंकड़े Severe श्रेणी में आते हैं। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है।