Delhi Rain Thunderstorm alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस वक्त आसमान से आग की बारिश हो रही है। दिल्ली बुधवार (27 मई) को भीषण गर्मी की चपेट में रही। लोधी रोड जैसे कुछ इलाकों में लू की स्थिति दर्ज की गई। जबकि कई स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है।
इस बीच, मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्लीवासियों को आज यानी गुरुवार (28 मई) को जानलेवा गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक, अगले 4 दिनों तक राजधानी में 60kmph की स्पीड से तेज आंधी-तूफान आने की आशंका है। IMD ने अगले चार दिनों के लिए आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने वीकेंड तक तापमान में भारी गिरावट का अनुमान लगाया है। IMD के अनुसार, अगले चार दिनों में तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। गुरुवार को अधिकतम तापमान शाम तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लेकर आम तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।
इसके साथ ही शाम और रात के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। IMD ने शुक्रवार को और भी ज्यादा तेज मौसम गतिविधियों का अनुमान लगाया है। 29 मई को अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आने और 35-37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
IMD ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं। ऐसी तेज और सूखी हवाएं गर्मी से होने वाले तनाव और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के जोखिम को बढ़ा सकती हैं। हवा में धूल के कणों को फंसा सकती हैं। बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। अन्य स्टेशनों की बात करें तो, रिज में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक था। जबकि आयानगर में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक था।
लोधी रोड में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। जबकि पालम में भी 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था।
पालम में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रिज में 27.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। लोधी रोड में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने गुरुवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें गरज के साथ बारिश की आशंका जताई गई है। आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।