
वित्तीय वर्ष 2026-27 में दिल्ली को रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड राशि आवंटित की गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण बुनियादी ढांचे के विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगभग 8,976 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को इस आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से दिल्ली के रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लाखों यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए काम कर रहे हैं, जो 'विकसित भारत' के विजन के अनुरूप है। हाल ही में शुरू की गई नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि यह सेवा यात्रियों के सफर को और अधिक सुविधाजनक बनाएगी, साथ ही पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा देगी।
यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली को वाराणसी से जोड़ेगी। इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे 'कवच' सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ की सुविधा दी गई है। रेल मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में फिलहाल लगभग 8,976 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें ट्रैक का विस्तार स्टेशनों का पुनर्विकास, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल हैं।
'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत राजधानी के 13 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हज़रत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर दिल्ली शामिल हैं।
पुनर्विकास कार्यक्रम में आधुनिक स्टेशन भवन, बेहतर प्रवेश और निकास द्वार, वेटिंग रूम, शौचालय, पीने के पानी की सुविधा, प्लेटफॉर्म शेल्टर, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर शामिल हैं। इसके अलावा बेहतर पार्किंग सुविधा, यात्री सूचना प्रणाली और दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी ढांचा भी इस परियोजना का हिस्सा हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ एक 'होल्डिंग एरिया' का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं डबल बेसमेंट और एक एलिवेटेड रोड की नींव रखने का काम भी शुरू हो गया है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर, सराय काले खां की तरफ वाले दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) चल रहा है। इस काम में नई सीढ़ियां, एस्केलेटर, लिफ्ट, टिकट बुकिंग ऑफिस और शौचालय बनाना और फुट ओवरब्रिज का विस्तार करना शामिल है।
इसी तरह दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर एक नई स्टेशन बिल्डिंग, आने-जाने के लिए कॉनकोर्स, एक एलिवेटेड रोड और प्लेटफॉर्म में सुधार का काम चल रहा है। गुप्ता ने सफदरजंग और बिजवासन रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन बिल्डिंग और सिग्नल व दूरसंचार (टेलीकम्युनिकेशन) बिल्डिंग का निर्माण पूरा हो चुका है।
बिजवासन में स्टेशन बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल काम पूरा हो गया है, जबकि प्लेटफॉर्म शेल्टर, सबवे और यात्रियों के लिए अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशनों पर भी नई स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म, आधुनिक शौचालय, पार्किंग, लिफ्ट और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं का काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चल रही बुनियादी ढांचा (इंफ्रास्ट्रक्चर) परियोजनाओं और नई ट्रेन सेवाओं के शुरू होने से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। रेल यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी और एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट हब के रूप में दिल्ली की स्थिति और मजबूत होगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।