नई दिल्ली: दशहरा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। ANI के मुताबिक, आज राजधानी में जगह-जगह रावण दहन और रामलीला के बड़े कार्यक्रम होंगे, जिसके चलते शाम के वक्त भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी को देखते हुए पूर्वी दिल्ली की कई मुख्य सड़कों पर आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें।
इन रास्तों पर जाने से बचें, लग सकता है भारी जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दशहरे के दिन शाम के समय NH-24, विकास मार्ग, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57A और रोड नंबर 56 पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ सकता है। इन सड़कों पर पैदल चलने वालों की संख्या भी ज्यादा रहेगी, जिससे जाम की स्थिति बन सकती है। पुलिस ने सलाह दी है कि लोग इन रास्तों पर जाने से पहले दूसरे रास्ते देख लें और घर से थोड़ा समय पहले निकलें ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।
ट्रैफिक से बचना है तो इन टिप्स को जरूर फॉलो करें
रावण दहन और रामलीला देखने के लिए शाम के समय हजारों लोग घरों से बाहर निकलेंगे। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं, जिनका सभी को ध्यान रखना चाहिए:
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहार के मौके पर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। पश्चिमी दिल्ली के DCP हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि जिले में 43 जगहों पर रामलीला और 16 जगहों पर दुर्गा पूजा के कार्यक्रम हो रहे हैं। इन सभी जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा में महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों को भी लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
हनुमान मंदिर और दिल्ली गेट पर मिलेगा भारी पुलिस बल
Central Range के DCP रमेश ने बताया कि पिछले 10 दिनों से रामलीला को देखते हुए ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। दशहरे के दिन भीड़ और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है, इसलिए हनुमान मंदिर और दिल्ली गेट के आसपास के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ये लोगों को सही रास्ता बताने और ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने में मदद करेंगे।