Delhi Yamuna River Cruise Launch: दिल्लीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आज यानी मंगलवार का दिन एक खास सौगात लेकर आया है। राजधानी दिल्ली को यमुना नदी में एक नया और शानदार टूरिस्ट अट्रैक्शन मिल रहा है। यमुना नदी में पहली बार एक खास रिवर क्रूज सेवा का आधिकारिक शुभारंभ होने जा रहा है।
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगी।
नमो यमुना रिवर सफारी: 40 मिनट का सफर और रूट
इस क्रूज सेवा को 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम दिया गया है। यह सफारी यमुना नदी में सोनिया विहार से जगतपुर तक 5 किलोमीटर के हिस्से में चलाई जाएगी। एक राउंड ट्रिप में कुल 40 मिनट का समय लगेगा। हर बोट में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। ऑपरेटरों को प्रतिदिन कम से कम 4 चक्कर लगाने अनिवार्य होंगे।
टिकट की कीमत और बुकिंग की जानकारी
आधिकारिक तौर पर टिकट की दरों की अंतिम घोषणा होना बाकी है, लेकिन रिपोर्टों के मुताबिक, अनुमानित टिकट दर करीब ₹500 प्रति व्यक्ति रहने की उम्मीद है।टिकटों की बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग (DTTDC) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकेगी।
पर्यावरण अनुकूल और हाई-टेक इलेक्ट्रिक बोट्स
प्रदूषण से बचाव और यात्रियों की सुविधा के लिए इस सर्विस में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह क्रूज पूरी तरह से पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक बोट्स पर संचालित होगा। साथ ही बोट्स पूरी तरह एयर-कंडीशंड होंगी। इनमें ऑन-बोर्ड 'जीरो-डिस्चार्ज बायो-टॉयलेट', लाइफ जैकेट्स और अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुरक्षा व सुविधाएं होंगी। दिशानिर्देशों के अनुसार, क्रूज में इस्तेमाल होने वाली बोट्स 2 साल से अधिक पुरानी नहीं हो सकती हैं।
राष्ट्रीय जलमार्ग-110 का है हिस्सा
मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम 2016 के तहत यमुना नदी को 'राष्ट्रीय जलमार्ग-110' (NW-110) घोषित किया गया है। सोनिया विहार से जगतपुर के बीच यह प्रोजेक्ट इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत देश की नदियों को इको-फ्रेंडली टूरिज्म और शहरी परिवहन के लिए विकसित किया जा रहा है। पिछले महीने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस सर्विस का सफल ट्रायल रन भी पूरा कर लिया गया था।
किन-किन एजेंसियों की रही भागीदारी?
इस रिवर क्रूज सेवा को IWAI और केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली सरकार के सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के पीडब्ल्यूडी व सिंचाई मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा समेत कई प्रमुख नेता भी शिरकत करेंगे।