Maharashtra: डीजल के लिए लगी लाइन को लेकर पेट्रोल पंप पर जमकर मारपीट, सामने आया हैरान कर देने वाला वीडियो

Maharashtra : यह घटना अकोला नाका इलाके की है, जहां डीज़ल की कमी के चलते लगातार तीसरे दिन पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगी रहीं। जानकारी के मुताबिक, कतार में खड़े होने को लेकर पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। वाहन चालकों के बीच शुरू हुई मामूली बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई

अपडेटेड May 17, 2026 पर 3:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

महाराष्ट्र के वाशिम में शनिवार को पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। वाशिम शहर में डीजल को लेकर पेट्रोल पंप पर विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों के बीच मारपीट की नौबत आन पड़ी। अब मारपीट की इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि, जिले में डीजल की कमी के कारण पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान डीजल भरवाने का इंतजार कर रहे दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया।

पेट्रोल पंप पर मारपीट

यह घटना अकोला नाका इलाके की है, जहां डीज़ल की कमी के चलते लगातार तीसरे दिन पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगी रहीं। जानकारी के मुताबिक, कतार में खड़े होने को लेकर पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। वाहन चालकों के बीच शुरू हुई मामूली बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


सामने आया वीडियो

बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दिया कि पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ जमा थी और लोग डीजल के डिब्बों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। वहां पहले से ही माहौल काफी तनावपूर्ण था। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पेट्रोल पंप पर डीज़ल से भरा टैंकर पहुंचा। टैंकर आते ही डीजल लेने के लिए लोगों में अचानक भगदड़ मच गई। भीड़ बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।

मौके से सामने आए वीडियो में भारी भीड़ और वाहनों के बीच धक्का-मुक्की, मारपीट और झगड़े के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। लोग किसी भी तरह डीज़ल लेने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना को लेकर अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। साथ ही अब तक किसी के घायल होने या गिरफ्तारी की भी पुष्टि नहीं हुई है। वाशिम जिला पिछले कई दिनों से डीजल की भारी कमी का सामना कर रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर लगातार लंबी लाइनें और भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।