दीवाली पर कंपनी का शानदार तोहफा, दे दीं 5 दिन की छुट्टियां और 3 दिन वर्क फ्रॉम होम, ऑफिस जाने की झंझट ही खत्म!

करियरपार्टनर की एसोसिएट रिक्रूटमेंट कंसल्टेंट शिवानी सिंह ने एक इंटरनल ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसमें नवंबर में त्योहारों की 5 छुट्टियों, 2 वीकेंड और लगातार 3 दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी गई है। इससे कर्मचारियों को दिवाली के आसपास लंबा ब्रेक मिलेगा।

अपडेटेड Nov 05, 2026 पर 11:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

Diwali holidays: दिवाली का त्योहार आते ही लोग परिवार के साथ समय बिताने और छुट्टियों की प्लानिंग बनाने लगते हैं। ऐसे में एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। कंपनी ने नवंबर में दिवाली के आसपास 5 त्योहारों की छुट्टियां देने के साथ ही 3 दिन घर से काम करने की सुविधा भी दी है।

इस खास शेड्यूल की जानकारी करियर पार्टनर (Career Partner) में एसोसिएट रिक्रूटमेंट कंसल्टेंट शिवानी सिंह ने लिंक्डइन पर शेयर की। उन्होंने कंपनी के इंटरनल ईमेल का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया। इसमें छुट्टियों और काम के दिनों की पूरी जानकारी दी गई है। इस व्यवस्था से कर्मचारियों को त्योहार के दौरान परिवार के साथ समय बिताने और आराम करने का अच्छा मौका मिलेगा।

नवंबर में कब-कब मिलेगी छुट्टी?


कंपनी की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, कर्मचारियों को 6 नवंबर से छुट्टियों का फायदा मिलना शुरू होगा। इसके बाद दिवाली और उससे जुड़े त्योहारों के मौके पर भी छुट्टियां रहेंगी। छुट्टियों का पूरा शेड्यूल इस तरह है:

6 नवंबर (शुक्रवार): धनतेरस की छुट्टी

7 नवंबर (शनिवार): छोटी दिवाली और वीकेंड की छुट्टी

8 नवंबर (रविवार): दिवाली और वीकेंड की छुट्टी

9 नवंबर (सोमवार): गोवर्धन पूजा की छुट्टी

10 नवंबर (मंगलवार): भाई दूज की छुट्टी

दिवाली की छुट्टियों के बाद कंपनी ने 11, 12 और 13 नवंबर को घर से काम करने की छूट दी है। इन तीन दिनों में काम भी कम रहेगा। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी। कंपनी ने ईमेल में बताया कि यह शेड्यूल कर्मचारियों को पहले से अपनी छुट्टियों की योजना बनाने में मदद करेगा। साथ ही कहा कि दिवाली पर परिवार के साथ समय बिताएं, मिठाइयां खाएं और खूब आराम करें।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

लिंक्डइन पर छुट्टियों का शेड्यूल शेयर करते हुए शिवानी सिंह ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि इतनी सारी छुट्टियां पाकर उन्हें खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने कर्मचारियों का ध्यान रखने के लिए करियर पार्टनर को धन्यवाद भी दिया।

उनकी पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा कि उनके ऑफिस में नवंबर में रविवार के अलावा कोई छुट्टी नहीं है। दूसरे ने मजाक में कहा, "कृपया मुझे भी काम पर रख लें।" कुछ लोगों ने शिवानी को किस्मत वाला बताया, तो एक यूजर ने कहा कि अब कॉर्पोरेट नौकरी से कोई उम्मीद नहीं बची है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।