LPG Price Hike: आम जनता को बड़ा झटका! घरेलू एलपीजी सिलेंडर हुआ ₹29 महंगा, चेक करें नया रेट

LPG Price Hike: इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर अब ₹942 हो गई है। इससे पहले 7 मार्च को भी रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹60 की भारी बढ़ोतरी की गई थी

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 7:05 AM
पिछले कुछ दिनों के अंदर आम लोगों को लगा यह दूसरा बड़ा झटका है

LPG Cylinder Price Hike: महंगाई के मोर्चे पर आम जनता के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। आज से घर का बजट और रसोई का स्वाद दोनों बिगड़ने वाले हैं, क्योंकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज यानी 7 जून से ही पूरे देश में लागू हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों के अंदर आम लोगों को लगा यह दूसरा बड़ा झटका है।

रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने यह फैसला लिया है।


दिल्ली में अब ₹942 का हुआ सिलेंडर

उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर अब ₹942 हो गई है।

इससे पहले 7 मार्च को भी रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹60 की भारी बढ़ोतरी की गई थी। उस समय मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गैस और तेल के दाम आसमान पर पहुंच गए थे।

कीमतें बढ़ने के बाद भी तेल कंपनियों को हो रहा भारी घाटा

चौंकाने वाली बात यह है कि ₹29 की इस बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों का घाटा पूरी तरह कम नहीं हुआ है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने एक इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग में बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर कंपनियों की अंडर-रिकवरी अभी भी लगभग ₹700 के दायरे में है। इस बढ़ोतरी से पहले कंपनियां हर सिलेंडर पर करीब ₹703 का नुकसान उठा रही थीं।

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस बाजारों में जारी भारी उतार-चढ़ाव के बीच, केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों का पूरा बोझ आम उपभोक्ताओं पर नहीं डाला है। सरकारी तेल कंपनियां इस बोझ का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही हैं।

पेट्रोल, डीजल और CNG भी हुए महंगे

आम आदमी की जेब पर सिर्फ रसोई गैस का ही बोझ नहीं बढ़ा है, बल्कि पिछले कुछ दिनों में कुल मिलाकर ईंधन की लागत काफी बढ़ गई है। मई के मध्य से लेकर अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संचयी रूप से ₹7.50 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की जा चुकी है। इसके बावजूद तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब ₹11 प्रति लीटर और डीजल पर ₹33.6 प्रति लीटर का घाटा हो रहा है।

वाहनों में इस्तेमाल होने वाली कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में भी पिछले दिनों करीब ₹6 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।