अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पिछले साल हुए भारत-पाकिस्तान के सैन्य संघर्ष पर बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि, दोनों देशों के बीच हुए इस संघर्ष में 11 मंहगे फाइटर जेट गिराए गए थे। उन्होंने ये भी दावा किया कि, पिछले साल मई में भारत और पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी थी कि अगर दोनों देश सैन्य टकराव नहीं रोकते तो उन पर 200 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगा दिया जाएगा। बता दें कि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भारत-पाकिस्तान लड़ाई में गिराए गए फाइटर जेट की संख्या 6 या 7 होने का दावा करते रहे हैं और अब उन्होंने 11 जेट का दावा कर दिया है।
बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने वाशिंगटन में गाजा को लेकर गठित ‘शांति बोर्ड’ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस दावे को दोहराया कि उन्होंने व्हाइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में ही आठ युद्धों को समाप्त कराया है।
ट्रंप ने फिर किया बड़ा दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति ने दावा किया कि, उनके हस्तक्षेप से भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ी लड़ाई टल गई। उन्होंने कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों से लैस हैं, इसलिए हालात बेहद गंभीर थे। ट्रंप के मुताबिक, आर्थिक दबाव ने भी तनाव कम करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के नेताओं से फोन पर साफ शब्दों में कहा था, “अगर आप लोग इस मुद्दे को नहीं सुलझाते, तो मैं आप दोनों के साथ ट्रेड डील नहीं करूंगा।” ट्रंप ने कहा कि अगर हालात नहीं संभलते, तो गंभीर परिणाम हो सकते थे। उनके शब्दों में, “मैं यह नहीं कहना चाहता कि आगे क्या हो सकता था, लेकिन आप जानते हैं, बुरी चीजें हो सकती थीं।”
पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
हालांकि, ट्रंप के इन दावों पर पहले भी भारत की ओर से असहमति जताई जा चुकी है। भारत लगातार किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार करता रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप के नेतृत्व वाले बोर्ड में शामिल होने के लिए हस्ताक्षर करने वाले अन्य देशों के नेताओं के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। ट्रंप ने शरीफ को खड़े होने के लिए कहा और फिर बोला, ‘मैंने प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी से बात की। वह उत्साहित हैं। वह अभी हमें देख रहे हैं।’ उन्होंने शरीफ की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘पाकिस्तान और भारत. यह एक बड़ा मुद्दा था। मुझे लगता है कि आपको वास्तव में खड़े होना चाहिए, कृपया एक पल के लिए खड़े हो जाइए। पाकिस्तान और भारत बहुत-बहुत धन्यवाद।’
बता दें कि पिछले साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर किया था। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बने आतंकी ठिकानों पर एक्शम लिया था। भारतीय सेना के हमलों में पाकिस्तानी सेना और आंतकियों ठिकानों का बड़ा नुकसान हुआ था।