Air Pollution: प्रदूषण से सेहत ही नहीं, देश की इकॉनमी भी हो रही बीमार! हर साल अरबों का नुकसान
Smog & Economy: वायु प्रदूषण केवल सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था के लिए भी एक बड़ा संकट बन चुका है। साल 2024 में प्रदूषण से देश को करीब ₹24 लाख करोड़ का भारी नुकसान हुआ है। कर्मचारियों की कम होती प्रोडक्टिविटी, बढ़ते मेडिकल बिल और कृषि उत्पादन पर असर इसके प्रमुख कारण हैं। वैसे एक्सपर्ट मानते हैं कि कड़े कदमों और सही हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज से इस मोर्चे पर राहत मिल सकती है। जानिए इससे बचने के क्या है उपाय
साल 2024 में वायु प्रदूषण की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था को करीब ₹ 21.6 लाख करोड़ का नुकसान हुआ, जो देश की GDP का लगभग 6 प्रतिशत है(Image-AI)
Air Pollution Economic Cost India: हर साल सर्दियों में उत्तर भारत का एक बड़ा हिस्सा जब स्मॉग की घनी चादर में छिप जाता है, तो बातचीत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI), स्कूलों की छुट्टियों, मास्क और अस्पतालों के चक्कर काटने तक सीमित रह जाती है। लेकिन, प्रदूषित हवा का एक ऐसा आर्थिक पहलू भी है, जिस पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है और वह है भारत की अर्थव्यवस्था को लगने वाला तगड़ा झटका।
यह नुकसान सिर्फ लोगों के बीमार पड़ने और काम छूटने तक सीमित नहीं है। जो कर्मचारी खांसते, सिरदर्द से जूझते या थकान महसूस करते हुए भी ऑफिस पहुंचते हैं, वे अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाते हैं।
जब लोग बाहर निकलने से बचते हैं, तो बिजनेस को ग्राहकों का नुकसान होता है, और परिवारों तथा सरकारों को बढ़ते मेडिकल खर्चों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, प्रदूषण कृषि उत्पादन और देश की उस वर्कफोर्स की उत्पादकता को भी प्रभावित करता है, जिसकी ग्रोथ को बनाए रखने के लिए भारत को जरूरत है।
प्रदूषण से अर्थव्यवस्था को कितना नुकसान?
इस समस्या का पैमाना डलबर्ग एडवाइजर्स और क्लीन एयर फंड के हालिया विश्लेषण से साफ झलकता है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में वायु प्रदूषण की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था को करीब ₹ 21.6 लाख करोड़ का नुकसान हुआ, जो देश की GDP का लगभग 6 प्रतिशत है।
विश्लेषण से यह भी संकेत मिलता है कि अगर PM2.5 प्रदूषण को करीब 20 प्रतिशत तक कम कर लिया जाए, तो साल 2030 तक $85 अरब के आर्थिक नुकसान को टाला जा सकता है।
जब दफ्तर पहुंचकर भी काम नहीं कर पाते कर्मचारी
प्रदूषित हवा का सबसे बड़ा आर्थिक असर उन रिकॉर्ड्स में नहीं दिखता जो अटेंडेंस या कंपनी के खातों में दर्ज होते हैं। यह नुकसान तब होता है जब कर्मचारी बीमार होने के बावजूद काम पर आते हैं, लेकिन उनकी कार्यक्षमता काफी कम हो जाती है। इसे 'प्रैजेंटीज्म' कहा जाता है।
ऐसे ही एब्सेंटिज्म वैसी अवस्था है जब कर्मचारी बीमारी की वजह से छुट्टी ले लेते हैं।
डलबर्ग-क्लीन एयर फंड के विश्लेषण के अनुसार, वायु प्रदूषण से जुड़े व्यावसायिक नुकसान में 'प्रैजेंटीज्म' सबसे बड़ा योगदान देता है। इसके अलावा समय से पहले मौत, हेल्थकेयर खर्च और ग्राहकों की घटती संख्या भी बड़े कारण हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, छुट्टी लेने वाले कर्मचारी पर तो सबका ध्यान जाता है, लेकिन उस व्यक्ति का क्या जो हर दिन खांसी, सांस की तकलीफ, सिरदर्द या लगातार थकान से जूझते हुए काम पर आता है?' यह समस्या उन सेक्टरों के लिए सबसे गंभीर है जो एकाग्रता, कुशल श्रम और निरंतर आउटपुट पर निर्भर हैं। खुले में काम करने वाले कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, डिलीवरी पर्सन और ट्रांसपोर्ट स्टाफ के लिए इससे बचना और भी मुश्किल होता है।
बढ़ते प्रदूषण के बीच क्यों जरूरी है सही हेल्थ इंश्योरेंस?
प्रदूषण का सीधा असर हमारी जेब और सेहत पर पड़ता है। इस बारे में पॉलिसीबाजार के हेल्थ इंश्योरेंस हेड रोहन गोयल का कहना है कि, बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सांस संबंधी बीमारियों, अस्थमा और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। जिसकी वजह से आंखों में जलन, सांस फूलना, गले में खुजली जैसी कई परेशानियों का लोगों को सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति में किसी भी मेडिकल इमरजेंसी का सामने आना आम बात है और यह मेडिकल खर्चों में भी काफी बढ़ोत्तरी ला सकती है। ऐसे में केवल हेल्थ इंश्योरेंस होना ही नहीं, बल्कि पर्याप्त और कॉम्प्रिहेंसिव कवरेज होना भी बेहद जरूरी है। पॉलिसी चुनते समय पर्याप्त सम इंश्योर्ड, ओपीडी कवरेज और क्रिटिकल इलनेस जैसे ऐड-ऑन बेनिफिट्स पर ध्यान देना चाहिए, ताकि अस्पताल में भर्ती होने के साथ-साथ रेगुलर कंसल्टेशन, दवाइयों और चेकअप से जुड़े खर्चों को भी बेहतर तरीके से मैनेज किया जाए।
इसके अलावा परिवार के सभी सदस्यों की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुसार सही प्लान चुनना महत्वपूर्ण है। सही हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज अचानक आने वाले मेडिकल खर्चों के दौरान आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में मदद कर सकता है।
हेल्थकेयर बिल और समय से पहले मौतें: गहराता आर्थिक संकट
वायु प्रदूषण से श्वसन संबंधी बीमारियों और दिल की बीमारियों (हार्ट अटैक और स्ट्रोक) का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। हवा में मौजूद सूक्ष्म कण (PM2.5) फेफड़ों में गहराई तक जाकर खून में मिल जाते हैं। साल 2024 में भारत में प्रदूषण से जुड़ा हेल्थकेयर खर्च $12.3 अरब आंका गया। परिवारों को डॉक्टर की फीस, दवाइयों, टेस्ट और अस्पताल के बिल चुकाने पड़ रहे हैं।
द लैंसेट प्लैनेटरी हेल्थ (2021) की स्टडी के अनुसार, साल 2019 में भारत में वायु प्रदूषण से 16.7 लाख मौतें हुईं। समय से पहले मौत के कारण आर्थिक उत्पादन में $28.8 अरब का नुकसान हुआ, जबकि बीमारी से जुड़ा नुकसान $8 अरब रहा यानी कुल $36.8 अरब (GDP का 1.36%) का झटका लगा।
जब लोग घर से बाहर निकलना बंद करते हैं, तो बिजनेस को होता है घाटा प्रदूषण सिर्फ सेहत को नहीं, बल्कि डिमांड साइड से अर्थव्यवस्था को भी चोट पहुंचता है।
जब हवा खतरनाक स्तर पर पहुंच जाती है, तो लोग बाहर जाने के प्लान रद्द कर देते हैं, भीड़भाड़ वाले बाजारों से बचते हैं, बाहर खाना कम खाते हैं और यात्रा पर पुनर्विचार करते हैं। इसका सीधा असर रेस्तरां, रिटेल आउटलेट्स, मनोरंजन स्थलों, पर्यटन और अन्य व्यवसायों पर पड़ता है। अगर खराब हवा किसी शहर की स्थाई विशेषता बन जाए, तो यह कंज्यूमर हैबिट्स और निवेशकों के भरोसे को भी कमजोर कर देती है।
क्या साफ हवा एक नया आर्थिक अवसर बन सकती है?
प्रदूषण से निपटने का आर्थिक तर्क केवल नुकसान से बचना नहीं है, बल्कि स्वच्छ प्रणालियों की ओर बढ़ने से नई नौकरियां, निवेश और इंडस्ट्रीज का पैदा होना भी है।
डलबर्ग और क्लीन एयर फंड के अनुसार, ट्रांसपोर्ट, इंडस्ट्री, कृषि, वेस्ट मैनेजमेंट, पावर और कंस्ट्रक्शन जैसे क्षेत्रों में ऐसे उपाय अपनाए जाएं जो PM2.5 को 20% तक कम कर सकें, तो इससे $200 अरब से अधिक के आर्थिक अवसर पैदा हो सकते हैं और 10-10 करोड़ से ज्यादा नई नौकरियां मिल सकती हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।