India-Pakistan Tension: भारत के निर्दोष और मासूम पर्यटकों की पहलगाम में निर्मम हत्या किये जाने के बाद भारत सरकार द्वारा ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। इसमें केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था लेकिन पाकिस्तान द्वारा जवाबी कार्रवाई में भारत के रिहायशी ठिकानों पर हमला किये जाने के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर जोरदार हमला किया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के हमलों को नाकाम करने के साथ पाकिस्तान के कई शहरों पर जवाबी हमला किया है। इसके साथ ही भारत पाकिस्तान को आर्थिक मोर्चे पर भी घेरने में लग गया है। आज IMF की बैठक में पाकिस्तान का बेलआउट पैकेज रद्द करने की मांग की जाएगी। अगले महीने FATF की बैठक में पाकिस्तान को एक बार फिर से ग्रे लिस्ट में डालने की रणनीति पर भी काम होगा।
इस खबर पर ज्यादा डिटेल बताते हुए हमारे सहयोगी चैनल सीएनबीसी आवाज़ के संवाददाता आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि भारत अब पाकिस्तान को आर्थिक मोर्चे पर घेरने की रणनीति बना रहा है।
पाकिस्तान पर इकोनॉमिक स्ट्राइक
आलोक ने आगे कहा कि पाकिस्तान की आर्थिक घेराबंदी के लिए बड़ी तैयारी की जा रही है। IMF की आज की बैठक में पाकिस्तान की घेराबंदी करने का सरकार निर्णय लिया है। पाकिस्तान का बेलआउट पैकेज रद्द कराने पर काम किया जा रहा है। बता दें कि IMF से पाकिस्तान को 7 अरब डॉलर का पैकेज मंजूर हुआ था।
प्रियदर्शी ने कहा कि पिछले साल पाकिस्तान को बेलआउट पैकेज देने का फैसला हुआ था। आज की बैठक में अतिरिक्त 1.3 अरब डॉलर देने पर फैसला होने वाला है। भारत की तरफ से परमेश्वरन अय्यर पाकिस्तान का बेलआउट पैकेट रद्द करने की मांग रखेंगे। फिलहाल भारत के पास मौजूदा ताजा सबूतों के आधार पर पैकेज रद्द करने की मांग की जायेगी।
बैठक में भाग लेने वाले अन्य देशों के बीच सहमति बनाने का होगा प्रयास
इसके सिवा इस बैठक में उपस्थित होने वाले अन्य देशों को भी भारत अपनी बात समझायेगा। उनके बीच सहमति बनाने की कोशिश की जायेगी कि पाकिस्तान को ये पैकेज ना दिया जाये। इसमें ये कोशिश की जायेगी कि पाकिस्तान को लोन की सहायता ना मिल सके।
इसके अलावा फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (Financial Action Task Force (FATF) में भी पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट में डालने की मांग की जायेगी। सूत्रों के मुताबिक अबकी बार जून के तीसरे हफ्ते में FATF की बैठक होने वाली। उसमें भी पाकिस्तान पर इकोनॉमिक स्ट्राइक करने के लिए भारत की तरफ से तैयारियां शुरू हो गई है।