ईवी चालकों को बड़ी राहत! नोएडा की 30 अहम पार्किंग में लगेंगे चार्जिंग स्टेशन, कार से लेकर दोपहिया तक होगी चार्जिंग की सुविधा

EV Charging Stations Noida: नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा प्राधिकरण और यूपी रिन्यूएबल एंड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ है। इसके तहत शहर की 30 प्रमुख पार्किंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे, जहां एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज हो सकेंगे। जानिए सभी 30 जगहों की पूरी लिस्ट

अपडेटेड Sep 25, 2026 पर 10:03 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग की सुविधा बढ़ने से ईवी चालकों को सफर के दौरान चार्जिंग की चिंता से राहत मिल सकेगी

EV Charging Stations Noida: नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। शहर में अब घर के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी ईवी चार्जिंग की सुविधा मिलने लगेगी। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा प्राधिकरण और यूपी रिन्यूएबल एंड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बीच 24 सितंबर को एमओयू हुआ है।

इस MoU के तहत शहर की 30 अहम पार्किंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर कम से कम दो चार्जर होंगे, जिनसे एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज हो सकेगा। चार्जिंग स्टेशनों का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी, जबकि प्राधिकरण स्थान उपलब्ध कराएगा।

इससे ईवी वाहनों की खरीद में भी हो सकता है इजाफा


अब तक नोएडा में ईवी वाहन खरीदने वाले लोगों के सामने सबसे बड़ी चिंताओं में से एक सार्वजनिक जगह पर चार्जिंग की सुविधा की कमी भी रही है। घर पर चार्जिंग की सुविधा होने के बावजूद शहर में सफर के दौरान बैटरी खत्म होने पर वाहन को चार्ज करने के विकल्प न के बराबर हैं। ऐसे में नोएडा निवासी ईवी खरीदने से पहले चार्जिंग को लेकर सोचते हैं। अब 30 अलग-अलग पार्किंग वाली जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगने से वाहन चालकों को होने वाली परेशानी दूर होगी।

सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग की सुविधा बढ़ने से ईवी चालकों को सफर के दौरान चार्जिंग की चिंता से राहत मिल सकेगी। खास बात यह है कि हर एक स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे, जिनसे एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा। नोएडा में चार्जिंग नेटवर्क बढ़ने से आने वाले समय में ईवी वाहनों की खरीद में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।

इन जगहों पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन

नोएडा प्राधिकरण के सीनियर अधिकारी एस पी सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नोएडा मेट्रो पार्किंग सेक्टर 101, वेद वन पार्किंग सेक्टर 78, बॉटनिकल गार्डन पार्किंग सेक्टर 38, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 76, मेट्रो पार्किंग, ब्लॉक E सेक्टर 51, हेरिटेज हॉस्पिटल्स लिमिटेड पार्किंग क्षेत्र सेक्टर 119, नोएडा इंडोर स्टेडियम पार्किंग लॉट सेक्टर 21A, मेट्रो पार्किंग, ब्लॉक C सेक्टर 81, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 154, मेट्रो पार्किंग गढ़ी चौखंडी / गढ़ीपुर सेक्टर 145, मेट्रो पार्किंग झट्टा सेक्टर 146, शहीद भगत सिंह पार्किंग लॉट सेक्टर 150, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 144, नोएडा अथॉरिटी पार्किंग (NSEZ मेट्रो के पास) ब्लॉक A फेज-2, वेंडर्स जोन (हल्दीराम के पास) सेक्टर 18, सब मॉल (SAB Mall) पार्किंग सेक्टर 27 में लगाए जाएंगे।

नोएडा के महत्वपूर्ण जगहों पर मिलेगी ये सुविधा

इसके साथ ही कैम्ब्रिज स्कूल पार्किंग सेक्टर 27, ब्रह्मपुत्र मार्केट पार्किंग सेक्टर 29, अंडरग्राउंड मल्टीलेवल पार्किंग ब्लॉक B सेक्टर 1, बीएचईएल (BHEL) ऑफिस पार्किंग के पास सेक्टर 18, महामाया फ्लाई-ओवर के नीचे पार्किंग ब्लॉक C सेक्टर 38, गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पार्किंग सेक्टर 29, निरूलाज होटल के सामने सेक्टर 15, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास पार्किंग, सेक्टर 2, आईजीएल (IGL) गैस स्टेशन विकास मार्ग सेक्टर 122, साया स्टेटस मॉल सेक्टर 129, इन्फोसिस कैंपस सेक्टर 132, एनटीपीसी ईओसी (NTPC EOC) ऑफिस ब्लॉक A सेक्टर 24, नोएडा अथॉरिटी का नया ऑफिस सेक्टर 96, कमांड कंट्रोल सेंटर बिल्डिंग सेक्टर 94 में स्थापित किए जाएंगे।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।