FASTag Annual Pass: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया(NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने FASTag एनुअल पास की फीस में बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह नया नियम 1 अप्रैल, 2026 से लागू होने जा रहा है। रविवार, 15 मार्च को जारी सरकारी नोट के अनुसार, एनुअल पास की कीमत ₹3,000 से बढ़ाकर अब ₹3,075 कर दी गई है। यह मामूली बढ़ोतरी 'नेशनल हाईवे फीस रूल्स, 2008' के तहत की गई है।
क्या है FASTag एनुअल पास और इसके फायदे?
यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो अक्सर नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं।
एकमुश्त भुगतान: बार-बार रिचार्ज करने के झंझट के बजाय, आप साल भर के लिए एक ही बार में फीस दे सकते हैं।
वैधता: यह पास 1 साल के लिए या 200 टोल पार करने तक जो भी पहले पूरा हो तब तक वैध रहता है।
कहां होगा इस्तेमाल: यह सुविधा नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर स्थित लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर उपलब्ध है।
किन वाहनों के लिए है यह सुविधा और कैसे एक्टिवेट करें अपना पास?
यह पास मुख्य रूप से गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए है। ध्यान रहे कि 200 चक्कर पूरे होने या साल खत्म होने के बाद, आपका FASTag अपने आप पुराने 'पे-पर-यूज' मोड पर वापस आ जाएगा। इस पास को एक्टिवेट करना बेहद आसान है। आप 'राजमार्ग यात्रा' मोबाइल ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भुगतान कर सकते हैं। पेमेंट सफल होने के 2 घंटे के भीतर आपके मौजूदा FASTag पर यह पास एक्टिवेट हो जाता है।
कहां काम नहीं करेगा यह पास?
यह सुविधा केवल केंद्र सरकार और NHAI द्वारा संचालित टोल प्लाजा पर ही मान्य है। राज्य सरकारों या अन्य एजेंसियों द्वारा प्रबंधित टोल सड़कों पर सामान्य FASTag कटौती ही होगी। बता दें कि टोल प्लाजा पर लंबी कतारों को कम करने के लिए सरकार ने 15 अगस्त, 2025 को यह एनुअल पास सुविधा शुरू की थी। अब तक लगभग 56 लाख से ज्यादा लोग इसे अपना चुके हैं।